पीएम मोदी के जन्मदिन पर रिटायर्ड कर्नल का अनोखा तोहफा – किताब, 75 कैंडल्स और थ्री-डी स्टैचू
चंडीगढ़।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के मौके पर पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज के पूर्व छात्र कर्नल (रिटायर्ड) संजीव कौल एक अनोखा तोहफा देने जा रहे हैं। इस खास अवसर पर वह न सिर्फ मोदी जी पर लिखी किताब रिलीज करेंगे बल्कि 75 कैंडल्स जलाकर जश्न भी मनाएंगे।
कर्नल कौल ने प्रधानमंत्री मोदी की उपलब्धियों और साइबर दुनिया में भारत की बढ़ती ताकत पर आधारित एक किताब लिखी है। किताब का नाम है “साइबरनेटिक्स मोदी, साइबरनेटिक्स हार्ट”। इसमें प्रधानमंत्री की साइबर यात्रा, भारत की साइबर सुरक्षा में हुई प्रगति और देश के युवाओं द्वारा किए जा रहे तकनीकी नवाचारों पर रोचक जानकारियां दी गई हैं।
कर्नल कौल ने बताया कि किताब में उनके खुद के पामेट्रिक्स सिस्टम का भी जिक्र है, जिसे उन्होंने आधार कार्ड आने से पहले ही विकसित कर लिया था। उन्होंने कहा कि इस किताब के जरिए उन्होंने यह दर्शाने का प्रयास किया है कि किस तरह प्रधानमंत्री मोदी ने स्टार्टअप्स और नवाचारों को प्रोत्साहित कर देश को नई दिशा दी है।
4 अक्टूबर को होगा किताब का अनावरण
कर्नल (रि.) संजीव कौल ने बताया कि इस किताब का अनावरण 4 अक्टूबर को ऑनलाइन किया जाएगा, जिसमें देश की कई जानी-मानी हस्तियां शामिल होंगी। इसके बाद वह प्रधानमंत्री से मुलाकात कर व्यक्तिगत रूप से यह किताब उन्हें भेंट करेंगे।
75 कैंडल्स और जन्मदिन का जश्न
प्रधानमंत्री के जन्मदिन को खास बनाने के लिए कर्नल कौल और उनकी टीम 75 कैंडल्स जलाकर जश्न मनाएंगे। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि देश को ऐसे प्रधानमंत्री मिले जिन्होंने साइबर दुनिया में भारत को एक अलग पहचान दिलाई है।
थ्री-डी प्रिंटिंग से बनी मोदी की प्रतिमा
कर्नल कौल ने यह भी जानकारी दी कि उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का एक थ्री-डी प्रिंटिंग स्टैचू तैयार करवाया है। इस प्रतिमा के सामने केक काटकर मोदी जी का जन्मदिन मनाया जाएगा। कर्नल कौल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साइबर सिक्योरिटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं और अब देश इसके परिणाम देख रहा है।