News Written by Priyanka Thakur | www.24ghantenews.com
चंडीगढ़/एस. ए. एस. नगर, 9 दिसंबर — पंजाब सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं में इतिहास रचते हुए मोहाली स्थित पंजाब इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलिअरी साइंसेज में पहली बार सरकारी स्तर पर सफल लिवर ट्रांसप्लांट सर्जरी को अंजाम दिया है। यह महत्वपूर्ण उपलब्धि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की स्वास्थ्य सुधार नीतियों का बड़ा परिणाम मानी जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने सर्जरी से स्वस्थ हुए मरीज को मीडिया के सामने प्रस्तुत करते हुए कहा कि निजी अस्पतालों में यह उपचार 45 से 50 लाख रुपये तक का होता है, जबकि सरकारी संस्थान में इसे मात्र 12 लाख रुपये की लागत पर सफलतापूर्वक किया गया। यह सर्जरी 27 नवंबर 2025 को की गई थी और मरीज अब बिल्कुल स्वस्थ है, जिसे जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।
उन्होंने इस सफलता का श्रेय संस्थान के निदेशक डॉ. वीरेन्द्र सिंह, ट्रांसप्लांट सर्जरी विभाग प्रमुख डॉ. के. राजशेखर और पूरी मेडिकल टीम को दिया। साथ ही पीजीआई चंडीगढ़ और अंगदाता परिवार के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि संस्थान में नए उपकरण, 24×7 ICU सेवाएं, और 175 बिस्तरों वाला नया ब्लॉक स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करेगा।
उन्होंने कहा कि अगले वर्ष पटियाला मेडिकल कॉलेज में किडनी ट्रांसप्लांट सुविधा शुरू होगी और सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों को अंग प्राप्ति केंद्र बनाया जाएगा।
जनता से अंगदान को बढ़ावा देने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब जल्द ही ऑर्गन डोनेशन में अग्रणी राज्यों में शामिल होगा।


