चंडीगढ़, 22 सितंबर: पंजाब में बाढ़ की स्थिति अब धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। राजस्व, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि राज्य में अब केवल गुरदासपुर ज़िले में 13 राहत कैंप सक्रिय हैं और 10 प्रभावित लोग वहीं ठहरे हुए हैं।
उन्होंने बताया कि पहले पूरे राज्य में 219 राहत कैंप खोले गए थे, जिनमें 25 सक्रिय थे, लेकिन अब अधिकांश प्रभावित लोग अपने घर लौट चुके हैं। फाजिल्का और जालंधर ज़िलों के राहत कैंपों में कल तक क्रमशः 50 और 103 लोग ठहरे थे, लेकिन अब सभी सुरक्षित घरों को लौट गए हैं।
राजस्व मंत्री ने कहा कि 1 अगस्त से अब तक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से कुल 23,340 लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाया गया। रिपोर्ट के अनुसार बाढ़ से 22 ज़िले और 2,555 गांव प्रभावित हुए हैं, कुल 3,89,445 लोग प्रभावित हुए। इस दौरान 57 लोगों की मृत्यु और 4 लोग लापता हुए। साथ ही, राज्य में 1,99,926.2 हेक्टेयर क्षेत्र की फ़सलें बर्बाद हुई हैं।
राज्य सरकार के व्यापक प्रयासों के चलते प्रभावितों को राहत और पुनर्वास सुविधा दी जा रही है।