पंजाब में पंचायत समिति व जिला परिषद चुनाव: आप का दबदबा, अकाली दल को मिली राहत
चंडीगढ़: पंजाब में पंचायत समिति और जिला परिषद चुनावों के नतीजों में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट बढ़त बना ली है। कुल सीटों में से करीब 50 प्रतिशत पर कब्जा जमाकर आप राज्य की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। बुधवार को 154 मतगणना केंद्रों पर शुरू हुई गिनती अब भी जारी है, जबकि अंतिम परिणाम वीरवार दोपहर तक स्पष्ट होने की संभावना है।
प्रदेश की 2838 पंचायत समिति और 347 जिला परिषद जोनों के लिए हुए चुनाव में रात 10 बजे तक पंचायत समिति की 2838 सीटों में से आप ने 1033 सीटें जीत लीं। कांग्रेस को 273, शिरोमणि अकाली दल को 176, भाजपा को 27 और अन्य उम्मीदवारों को 67 सीटें मिलीं। जिला परिषद की 347 सीटों में से आप ने 68, कांग्रेस ने 13, अकाली दल ने 2, भाजपा ने 1 और अन्य ने 2 सीटों पर जीत दर्ज की।
चुनाव परिणामों में जहां आम आदमी पार्टी ने बढ़त बनाई है, वहीं अकाली दल के प्रदर्शन में भी सुधार देखने को मिला है, जिसे पार्टी के लिए संजीवनी माना जा रहा है। कांग्रेस ने कुछ क्षेत्रों में कड़ी टक्कर दी, जबकि भाजपा को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। कई जगहों पर दिग्गज नेताओं के गांवों में भी सत्ताधारी दल को हार का सामना करना पड़ा।
आप पंजाब के प्रधान अमन अरोड़ा ने इसे सरकार की नीतियों पर जनता के भरोसे की जीत बताया। वहीं कांग्रेस और भाजपा ने चुनाव प्रक्रिया में धक्केशाही और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग के आरोप लगाए हैं। मतगणना पूरी होने के बाद ही प्रदेश की ग्रामीण राजनीति की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी।


