पंजाब विश्वविद्यालय में ‘युद्ध से अमन की ओर’ पुस्तक का विमोचन
Priyanka Thakur
पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ के हिंदी विभाग द्वारा हिंदी पुस्तक ‘युद्ध से अमन की ओर’ का भव्य विमोचन एवं ‘विश्व शांति में भारत की भूमिका’ विषय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
‘युद्ध से अमन की ओर’ पुस्तक चंडीगढ़ निवासी अभिनेता एवं लेखक श्री राजू वैद्य राज द्वारा नाट्य शैली में लिखी गई है। राजू वैद्य, समर्पण थिएटर ग्रुप के संस्थापक एवं निर्देशक भी हैं। पुस्तक में भारतीय सैनिकों की शौर्य गाथाओं का भावनात्मक चित्रण किया गया है, जो पाठकों के हृदय को छू जाता है।
राजू वैद्य ने बताया कि रंगकर्मी होने के नाते उनका लेखन की ओर बचपन से ही रुझान रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि आज जब संपूर्ण विश्व युद्ध के भयावह खतरे की ओर बढ़ रहा है, ऐसे में शांति की बात करना और उसे स्थापित करने का प्रयास और भी आवश्यक हो गया है।
इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में श्री के. जी. सुरेश विशेष रूप से दिल्ली से पधारे। उनके साथ ही हरियाणा साहित्य एवं सांस्कृतिक अकादमी के उपाध्यक्ष डॉ० कुलदीप चंद अग्निहोत्री ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए।
विशिष्ट वक्ता के रूप में हरियाणा लोक सेवा आयोग नामित सदस्य श्रीमती ममता यादव ने कहा कि भारत ने सदा से विश्व शांति में अहम भूमिका निभाई है, और आगे भी निभाता रहेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ० अशोक कुमार ने की। उन्होंने अपने विचार साझा करते हुए भारत की शांति-प्रिय संस्कृति पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विशेष रूप से पधारे श्री गुरचरण सिंह, संजीव जग्गी, त्रिलोक चंद एवं डॉ० जितेश कुमार पांडे ने भी अपने विचारों को साझा किया।
इसके उपरांत सभी अतिथियों द्वारा पुस्तक ‘युद्ध से अमन की ओर’ का विधिवत विमोचन किया गया एवं श्री राजू वैद्य को उनके उत्कृष्ट लेखन के लिए शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम के अंत में डॉ० जितेश कुमार पांडे ने सभी उपस्थित अतिथियों का आभार प्रकट किया।