रोहतक में ‘नमो वन’ का उद्घाटन: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे. पी. नड्डा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया पौधरोपण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर रोहतक शहर के सेक्टर-2 में मियावाकी पद्धति से विकसित किए जा रहे ‘नमो वन’ का शुभारंभ केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने पौधरोपण कर किया। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली भी मौजूद रहे।
उद्घाटन के दौरान केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर करीब 10 हजार पौधे रोपित किए और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस पौधरोपण अभियान में महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।
केंद्रीय मंत्री नड्डा ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विज़न स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण के माध्यम से विकसित भारत का निर्माण करना है। इसे साकार करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका अहम है। उन्होंने महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि जिस प्रकार वे घर की जिम्मेदारी निभाती हैं, उसी प्रकार परिवार और समाज को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक करें और अधिक से अधिक पौधे लगाकर “पर्यावरण प्रहरी” बनें।
इस मौके पर हजारों की संख्या में आई महिलाओं ने आश्वासन दिया कि वे प्रधानमंत्री के ‘स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत’ के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएंगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री जे. पी. नड्डा ने पौधरोपण में शामिल हुए बच्चों और महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि संतुलित पर्यावरण ही स्वस्थ जीवन की नींव है।