News written By Priyanka Thakur
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं को स्वस्थ, अनुशासित और आत्मनिर्भर बनाने का एक व्यापक अभियान है। यह महोत्सव खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करते हुए ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देता है। मुख्यमंत्री फतेहाबाद में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के भव्य समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा धाकड़ जवान, धाकड़ किसान और धाकड़ पहलवान की धरा है। यहां का जवान सीमाओं की रक्षा करता है, किसान देश का अन्न भंडार भरता है और खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पदक जीतकर देश का मान बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को नशे और नकारात्मक गतिविधियों से दूर रखने का सशक्त माध्यम हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सिरसा और फतेहाबाद की टीमों के बीच हुए कबड्डी फाइनल मैच को देखा और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बताया कि सांसद खेल महोत्सव के माध्यम से सिरसा लोकसभा क्षेत्र देश के शीर्ष लोकसभा क्षेत्रों में शामिल हुआ है। इस महोत्सव में करीब 45 हजार खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से हजारों खिलाड़ी फाइनल मुकाबलों तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर गांव से ऐसा खिलाड़ी निकले जो विश्व मंच पर भारत का परचम लहराए। इसी उद्देश्य से खेल नर्सरियों, नकद पुरस्कार, छात्रवृत्ति और सरकारी नौकरियों जैसी योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि 2036 ओलंपिक में हरियाणा के खिलाड़ी देश के लिए सर्वाधिक पदक जीतेंगे।
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव 2036 ओलंपिक की तैयारी का मजबूत मंच बन चुका है और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में अहम भूमिका निभा रहा है।


