Saturday, March 7, 2026
Homeदेशकेंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हिमाचल, पंजाब और उत्तराखंड के किसानों...

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हिमाचल, पंजाब और उत्तराखंड के किसानों को पीएम-किसान की 21वीं किस्त जारी की, बाढ़ प्रभावितों को मिला बड़ा राहत पैकेज

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हिमाचल, पंजाब और उत्तराखंड के किसानों को पीएम-किसान की 21वीं किस्त जारी की, बाढ़ प्रभावितों को मिला बड़ा राहत पैकेज

 26 सितंबर 2025

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (पीएम-किसान) की 21वीं किस्त जारी की। इसके तहत हिमाचल प्रदेश, पंजाब और उत्तराखंड के 27 लाख से अधिक किसानों को 540 करोड़ रुपये की राशि सीधे खातों में हस्तांतरित की गई।

चौहान ने कहा कि बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित राज्यों के किसानों को संकट से उबारने के लिए यह राशि समय से पहले जारी की गई है। इसके अलावा जिनके घर तबाह हुए हैं, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के अंतर्गत नए मकान दिए जाएंगे। वहीं मनरेगा के तहत प्रभावित राज्यों में रोजगार के दिनों को बढ़ाकर 150 दिन कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि पंजाब के 11.10 लाख किसानों को करीब 222 करोड़ रुपये, हिमाचल के 8 लाख किसानों को 160 करोड़ रुपये और उत्तराखंड के 7.90 लाख किसानों को 158 करोड़ रुपये दिए गए हैं। अब तक इन तीनों राज्यों को पीएम-किसान योजना के अंतर्गत कुल 13,626 करोड़ रुपये की राशि मिल चुकी है।

शिवराज सिंह ने किसानों को भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा, “किसान सिर्फ पानी नहीं, अपने पसीने से फसलें सींचता है। जब आपदा उसकी मेहनत को बर्बाद करती है, तो उसका भविष्य और परिवार भी प्रभावित होते हैं। ऐसे में केंद्र सरकार हर संभव मदद के लिए तत्पर है।”

कृषि भवन, नई दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि सचिव डॉ. देवेश चतुर्वेदी और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जबकि तीनों राज्यों के कृषि मंत्री और उच्चाधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments