मुख्यमंत्री ने जंगलात विभाग के 942 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र बांटे
टैगोर थिएटर, चंडीगढ़ में हुआ विशेष कार्यक्रम
चंडीगढ़, 30 जुलाई: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज चंडीगढ़ के टैगोर थिएटर में आयोजित एक विशेष समारोह के दौरान जंगलात विभाग के 942 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने इन कर्मचारियों को सरकारी सेवा में नियमित नियुक्ति मिलने पर शुभकामनाएं दीं और उन्हें अपनी मेहनत और लगन से प्रदेश की सेवा करते रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का माहौल बेहद उत्साहपूर्ण और भावुक रहा। वर्षों से अस्थायी तौर पर सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के लिए यह दिन किसी त्यौहार से कम नहीं था। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पारदर्शी, जनहितैषी और कर्मठ कर्मचारियों को उनका हक दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वर्षों से सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को अब तक उनका अधिकार नहीं मिल पाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था, लेकिन अब समय बदल चुका है।
मुख्यमंत्री मान ने कहा,
> ” पिछली सरकार ने लोगों की तरफ ध्यान नहीं दिया, उनकी प्रायोरिटी परिवार को और अपने लोगों को पैसे और बिज़नस देने की थी, उन्होंने कहा जब राज व्यापार करने लग पड़े तो देश के लोग भिखारी हो जाते है सी
इस समारोह में नियुक्ति पत्र पाने वाले कई कर्मचारियों की आंखें नम थीं। उनमें से एक, गुरदीप सिंह, जो पिछले 19 वर्षों से विभाग में कार्यरत हैं, ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा:
> “मैं पिछले 19 साल से काम कर रहा हूं, लेकिन पक्का नहीं हुआ था। आज मुख्यमंत्री ने हमारी बात सुनी और हमें मान्यता दी। यह मेरे लिए सपने के पूरे होने जैसा है। मैं सरकार का दिल से धन्यवाद करता हूं।”
इसी तरह अन्य कर्मचारियों ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह मुख्यमंत्री भगवंत मान ही हैं जिन्होंने पहली बार उनकी आवाज सुनी और उनकी वर्षों पुरानी मांगों पर ध्यान दिया।