प्रदेश के खेल स्टेडियमों का जल्द ही किया जाएगा कायाकल्प: गौरव गौतम
हरियाणा बन चुका है खेलों का पावर हाउस
अधिकारी समय-समय पर खेल स्टेडियमों का निरीक्षण कर खिलाड़ियों की समस्याओं का करवाएं समाधान
उत्तराखंड में हुए 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को जल्द किया जाएगा सम्मानित
चंडीगढ़, 26 जून– हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा खेलों का पावर हाउस बन चुका है। हरियाणा की खेल नीति का ही नतीजा है कि हमारे खिलाड़ी ओलंपिक, विश्न चैंपियनशिप, एशियन व कॉमनवेल्थ खेलों में लगातार पदक जीतकर देश व प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में और अधिक पदक जीत सकें इसके लिए सरकारी खेल स्टेडियमों का जल्द ही कायाकल्प किया जाएगा। शीघ्र ही खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा खेल सामग्री मुहैया कराई जाएगी।
खेल मंत्री आज यहां सिविल सचिवालय में खेल विभाग के अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को ज्यादा से ज्यादा खेल सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी को ध्यान में रखते हुए खेल मैदानों का सुधार करवाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समय-समय पर खेल स्टेडियमों का दौरा करें और खिलाड़ियों से जाने कि उन्हें क्या-क्या दिक्कत आ रही है। इन समस्याओं का जल्द समाधान भी कराएं, ताकि खिलाड़ियों को अभ्यास करने में कोई असुविधा न हो। वे इसकी जल्द ही इसकी समीक्षा करेंगे। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खेल नर्सरियों व खेल अकादमियों का बेहतर ढंग से संचालन किया जाए। इसे बारे में वे स्वयं निगरानी भी रखेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों के हितैषी है। इसलिए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वर्ष 2025-26 के लिए खेल विभाग का 1961.79 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है, जबकि गत वर्ष यह 1381.79 करोड़ रुपये था। खेल विभाग खिलाड़ियों के कौशल को निखारने पर लगातार अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि मई 2025 में उत्तराखंड में हुए 38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेता खिलाड़ियों को जल्द ही राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित करके सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में खेल विभाग के प्रधान सचिव श्री नवदीप सिंह विर्क, खेल महानिदेशक श्री संजीव वर्मा, अतिरिक्त निदेशक श्री अश्विनी मलिक व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।