राज्य को नशा मुक्त बनाकर पंजाब पुलिस की गौरवशाली विरासत को कायम रखें: मुख्यमंत्री ने नव पदोन्नत पीपीएस अधिकारियों से कहा
18 डीएसपी को एसपी के रूप में पदोन्नति पर बधाई दी
चंडीगढ़, 20 मई :
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को पंजाब पुलिस सेवा (पीपीएस) के नव पदोन्नत अधिकारियों को राज्य को नशे की बुराई से मुक्त बनाकर पंजाब पुलिस की गौरवशाली विरासत को कायम रखने का आह्वान किया।
पुलिस अधीक्षक के रूप में पदोन्नत किए गए 18 उप पुलिस अधीक्षकों के साथ बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य और इसके लोगों की लगन से सेवा करने में पंजाब पुलिस की समृद्ध विरासत को याद किया। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती राज्य में कानून एवं व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रखने के अलावा, पंजाब पुलिस ने हमेशा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करते हुए रक्षा की दूसरी पंक्ति के रूप में कार्य किया है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब पुलिस को राज्य से आतंकवाद को खत्म करने का श्रेय भी जाता है और इसकी सेवा अद्वितीय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब पुलिस का इतिहास वीरता, बलिदान और अनगिनत उपलब्धियों से भरा पड़ा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि राज्य सरकार द्वारा पदोन्नत किये गये अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि इस गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया जाए। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब नशे के खिलाफ देश की लड़ाई में सबसे आगे है और पुलिस बल इस मिशन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस संदर्भ में पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने में पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। भगवंत सिंह मान ने अधिकारियों से युद्ध नशेयां दे विरुद्ध मुहिम की शानदार सफलता सुनिश्चित करने का आग्रह किया और इस बात पर जोर दिया कि भविष्य की पीढ़ियों को नशे की गिरफ्त से बचाना समय की मांग है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नव पदोन्नत अधिकारी सार्वजनिक सेवा के प्रति उच्चतम स्तर की व्यावसायिक प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।