अंकिता भंडारी को इंसाफ देने के बजाय माता-पिता की आवाज दबा रही भाजपा सरकार: कुमारी सैलजा
कहा- आरोपों की निष्पक्ष सीबीआई जांच से क्यों घबरा रही सरकार, बेटियों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस जारी रखेगी संघर्ष
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय की लड़ाई में साथ देने का दिया भरोसा
चंडीगढ़ / देहरादून, 16 अक्टूबर।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव, उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी, सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य कुमारी सैलजा ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उत्तराखंड में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए कुमारी सैलजा ने कहा कि जिस प्रदेश में एक बेटी के माता-पिता न्याय के लिए दर-दर भटक रहे हों, वहां सरकार का दायित्व उन्हें इंसाफ दिलाना है, न कि उनकी आवाज दबाना।
कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि अंकिता के माता-पिता अपनी बेटी के लिए न्याय मांग रहे हैं। पूरा उत्तराखंड और पहाड़ की जनता उनके साथ खड़ी है, लेकिन सरकार न्याय देने के बजाय पीड़ित परिवार के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। सांसद ने कहा कि अंकिता के माता-पिता को कथित तौर पर जबरन उठाया जाना भाजपा सरकार की संवेदनहीन सोच को उजागर करता है।
कुमारी सैलजा ने सवाल उठाया कि जिस व्यक्ति का नाम इस प्रकरण में सामने आने की बात कही जा रही है और जिसकी भूमिका की सीबीआई जांच की मांग उठ रही है, उसे राज्यपाल जैसे संवैधानिक पद पर नियुक्त करने के पीछे सरकार की क्या मंशा है? सांसद ने पूछा कि क्या भाजपा सरकार निष्पक्ष जांच से घबरा रही है? कांग्रेस की मांग है कि मामले से जुड़े सभी आरोपों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच हो तथा दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा न जाए।
सांसद कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अपने प्रभावशाली लोगों को बचाने के लिए सत्ता का दुरुपयोग करती है, जबकि न्याय मांगने वालों को परेशान किया जाता है। यह लोकतंत्र और न्याय व्यवस्था के लिए चिंताजनक स्थिति है। कुमारी सैलजा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं ने अंकिता के माता-पिता से मुलाकात कर परिवार के प्रति एकजुटता व्यक्त की है। कांग्रेस पार्टी अंकिता सहित उत्तराखंड की प्रत्येक पीड़ित बेटी को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करती रहेगी। सांसद ने कहा कि न्याय मिलने तक कांग्रेस की आवाज बुलंद रहेगी।
बॉक्स
पानीपत में खुले नाले में गिरी मासूम, भाजपा का स्मार्ट सिटी मॉडल आया सामने: सैलजा
कुमारी सैलजा ने पानीपत के वार्ड-3 में देवी मंदिर के पास खुले नाले में मासूम बच्ची के गिरने की घटना को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। सांसद ने कहा कि एक व्यक्ति की बहादुरी से बच्ची की जान बच सकी। स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां पहले भी हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने सबक नहीं लिया। कुमारी सैलजा ने तंज कसते हुए कहा कि यही भाजपा सरकार का स्मार्ट सिटी मॉडल है, जहां विकास के दावों के बीच मासूमों की जिंदगी खतरे में है।


