Homepunjabइस बार पंजाब में चुटकुलों वाली नहीं बल्कि नरेंद्र मोदी की विकास...

इस बार पंजाब में चुटकुलों वाली नहीं बल्कि नरेंद्र मोदी की विकास वाली सरकार बनाएंगे- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

इस बार पंजाब में चुटकुलों वाली नहीं बल्कि नरेंद्र मोदी की विकास वाली सरकार बनाएंगे- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

 

मुख्यमंत्री ने पंजाब के जालंधर में आयोजित जनसभा को किया संबोधित

 

हरियाणा में बिना पर्ची-खर्ची दो लाख से अधिक युवाओं को दी सरकारी नौकरियां, सरकार बनने पर पंजाब में भी लागू होगी यही नीति

 

कहा, आम आदमी पार्टी ने पिछले चुनाव में पंजाब के 25 लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था, आज मुख्यमंत्री मान गर्व से बताते हैं कि 60 हजार नौकरियां दी

चंडीगढ़, 13 नवंबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि फरवरी में होने वाले पंजाब के विधानसभा चुनाव में भाजपा की सरकार बनने के बाद यहां के नशा कारोबारी या तो यह काम छोड़ देंगे या फिर प्रदेश छोड़ देंगे। पंजाब और हरियाणा में नशे के सौदागर नहीं रहने दिए जाएंगे। पंजाब के लोगों ने मन बना लिया है कि इस बार पंजाब में चुटकुलों वाली नहीं बल्कि नरेंद्र मोदी की विकास वाली सरकार बनाएंगे।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने यह बात शुक्रवार को पंजाब के जालंधर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि  चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने वादा किया था कि छह महीने में नशा खत्म कर दिया जाएगा लेकिन यहां हर दिन नशे की दलदल बढ़ती गई जिसमें यहां की युवा पीढ़ी धंसती चली गई लेकिन सरकार के पास नशा खत्म करने के लिए न तो कोई नीति है और न ही नीयत है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह ने 2029 तक देश से नशे को जड़ से खत्म करने का संकल्प लिया है जिसे पूरा करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत नीति बनाई जा रही है। इस प्रकार के बड़े संकल्पों को केवल भाजपा सरकार ही पूरा कर सकती है। आम आदमी पार्टी और कांग्रेस केवल झूठे वादों के सहारे वोट लेना ही जानती हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पिछले चुनाव में वादा किया था कि पंजाब के 25 लाख युवाओं को नौकरी देंगे लेकिन आज मुख्यमंत्री टेलीविजन पर गर्व से बताते हैं कि उन्होंने अपने कार्यकाल में 60 हजार नौकरियां दी हैं। यह नौकरियां भी प्रभावशाली लोगों के बच्चों को भ्रष्टाचार के सहारे मिली है जिससे मेहनती व गरीब युवाओं के सपनों को सरकार ने रौंद दिया है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री बताएं कि उन्होंने पंजाब में कितने मौहल्ला क्लीनिक खोले, इनमें कितने लोगों का मुफ्त इलाज हुआ और लोगों को यहां क्या-क्या सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा की 3 करोड़ आबादी में से डेढ़ करोड़ लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाए गए हैं जिन्हें हर साल 5 लाख रुपये के मुफ्त इलाज की सुविधा है। इसके तहत अब तक 40 लाख लोगों ने मुफ्त इलाज करवाया है जिस पर केंद्र व राज्य सरकार द्वारा 6000 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा में चुनाव से पहले भाजपा ने महिलाओं को 2100 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता देने का संकल्प लिया था जिसे सरकार बनते ही दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना बनाकर पूरा किया गया। सरकार ने अपने पहले ही बजट में इसके लिए 5000 करोड़ रुपये तथा दूसरे बजट में 6500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया। अब तक इसके तहत 10 लाख से अधिक महिलाओं को 2500 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है जबकि पंजाब में आम आदमी पार्टी ने 5 साल पहले महिलाओं को 1000 रुपये देने का वादा किया था जिसे अब चुनाव सिर पर आने के समय वोट लेने की नीयत से लागू किया गया है।

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब की वर्तमान सरकार चुटकुलों की सरकार बनकर रह गई है। लेकिन जनता अब समझने लगी है कि चुटकुलों से सिनेमाघर तो चल सकते हैं, सरकार नहीं चलती। आज पंजाब की जनता को मिलकर फैसला करना है कि पंजाब को गुमराह करने वालों को वोट की चोट से सबक सिखाना है और प्रदेश को विकास की राह पर आगे बढ़ाने के लिए यहां नरेंद्र मोदी की डबल इंजन सरकार बनानी है।

मुख्यमंत्री ने पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति पर भी मान सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद यहां अमन-चैन कायम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने के बाद यहां भी हरियाणा की नीतियों को लागू किया जाएगा जहां किसानों की सभी 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदा जाता है और युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची नौकरियां मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा में 2 लाख मेहनती व योग्य युवाओं को नौकरियां दी गई हैं जबकि पंजाब में ज्यादातर भर्तियां कोर्ट केस में फंसी हुई हैं। कभी नंबर-एक रहा पंजाब आज सरकार की गलतियों के कारण विकास के मामले में बहुत पिछड़ गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार द्वारा गरीब परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर मुहैया करवाए जा रहे हैं। पिछले 12 साल में 1.60 लाख परिवारों को रहने के लिए मकान दिए गए हैं। जिन लोगों के पास मकान बनाने के लिए जमीन नहीं थी उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में 100 गज तथा शहरी क्षेत्रों में 30 गज के प्लाट भी दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पंजाब की जनता भाजपा को वोट देकर यहां के विकास को चुनें।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव श्री तरुण भंडारी, स. अरुण वालिया, देवेंद्र वालिया, सुशील रिंकू, जिला अध्यक्ष स. अशोक सरीन, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य स. दिनेश ढल्ल, एमडी प्रिंस चोपड़ा, पार्षद रवि कुमारी, गुरप्रीत विक्की व बबलू पंडित सहित बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

क्रमांक-2026

चंडीगढ़, 13 नवंबर – हरियाणा सरकार द्वारा राज्य के किसानों को उन्नत और स्वस्थ पौध उपलब्ध करवाकर उनकी आय में वृद्धि करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

उद्यान विभाग, हरियाणा के प्रवक्ता ने बताया कि विभाग के अंतर्गत आने वाले सब्जी उत्कृष्टता केंद्र, घरौंडा में रबी मौसम की सब्जियों जैसे तरबूज, खरबूज, खीरा, शिमला मिर्च और अन्य सभी बेल वाली सब्जियों की पौध तैयार करने का कार्य आरंभ कर दिया गया है। इस पहल के तहत किसान अपने खेत से संबंधित सब्जी फसल का बीज लेकर इस केंद्र पर अपनी स्वस्थ पौध तैयार करवाने के लिए संपर्क कर सकते हैं। केंद्र द्वारा निर्धारित समयसीमा में किसानों को स्वस्थ पौध उपलब्ध करवाई जाएगी तथा विभागीय नियमानुसार कार्य पूर्ण होने पर सब्सिडी की राशि डी.बी.टी. के माध्यम से सीधे किसानों के खातों में जमा की जाएगी।

केंद्र पर स्थित हाई-टेक ग्रीन हाउस का कुल साइज 1792 स्क्वायर मीटर है, और उपलब्ध स्थान को ध्यान में रखते हुए किसानों की पौध की बुकिंग ‘पहले आओ, पहले पाओ’ की तर्ज पर की जाएगी। सब्जियों की पौध बुकिंग के लिए आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक या चेक की कॉपी, परिवार पहचान पत्र, मेरी फसल मेरा ब्योरा और पासपोर्ट साइज फोटो आदि शामिल हैं।

क्रमांक – 2026

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments