एचटेट परीक्षा की अव्यवस्था ने हरियाणा की भर्ती प्रणाली पर खड़े किए गंभीर सवाल, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करे सरकार : कुमारी सैलजा
चंडीगढ़ 10 जुलाई।
सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य कुमारी सैलजा ने हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) में सामने आई व्यापक आपत्तियों और परीक्षा संचालन में सामने आई गंभीर खामियों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक परीक्षा की त्रुटि नहीं, बल्कि प्रदेश की भर्ती व्यवस्था पर जनता के भरोसे को कमजोर करने वाला मामला है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि मीडिया रिपोर्टों के अनुसार एचटेट के तीनों स्तरों की परीक्षा में लगभग 17 हजार आपत्तियां दर्ज हुई हैं। अनेक अभ्यर्थियों ने प्रश्नों के गलत विकल्प, प्रश्न संख्या में त्रुटियां तथा अन्य तकनीकी कमियों की शिकायत की है। यदि इतनी बड़ी संख्या में आपत्तियां सामने आती हैं तो यह परीक्षा प्रणाली की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा वर्षों तक तैयारी करता है, आर्थिक बोझ उठाता है और मानसिक तनाव झेलता है। ऐसे में परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियों और सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि प्रश्नपत्र, मूल्यांकन और पूरी प्रक्रिया त्रुटिरहित हो। यदि गलतियां प्रशासन की हैं तो उनकी सजा युवाओं को नहीं मिलनी चाहिए।
कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस की स्पष्ट नीति है कि योग्य अभ्यर्थियों के साथ किसी प्रकार का अन्याय नहीं होना चाहिए। सरकार को स्वतंत्र विषय विशेषज्ञों से निष्पक्ष जांच करानी चाहिए और जिन प्रश्नों में त्रुटियां सिद्ध हों, वहां ऐसा निर्णय लिया जाए जिससे किसी भी अभ्यर्थी का नुकसान न हो। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार किए जाएं तथा जवाबदेही भी तय की जाए। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से हरियाणा में भर्ती परीक्षाएं, पेपर लीक, परीक्षा प्रबंधन की अव्यवस्था और चयन प्रक्रियाओं को लेकर लगातार विवाद सामने आते रहे हैं। इससे लाखों युवाओं का सरकार पर विश्वास कमजोर हुआ है। भाजपा सरकार को युवाओं के भविष्य के साथ प्रयोग करना बंद कर पारदर्शी, विश्वसनीय और समयबद्ध भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
बॉक्स
पहली बारिश में डूब गई मिलेनियम सिटी, स्मार्ट सिटी का दावा फिर हुआ बेनकाब : कुमारी सैलजा
कुमारी सैलजा ने कहा कि हर साल मानसून आता है और हर साल गुरुग्राम जलभराव, ट्रैफिक जाम और बदइंतजामी की तस्वीरों से सुर्खियों में आ जाता है। इस बार भी मात्र एक घंटे की बारिश ने तथाकथित “स्मार्ट सिटी” मॉडल की पूरी हकीकत जनता के सामने ला दी। सांसद ने कहा कि दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जलभराव और सड़क धंसने जैसी घटनाएं, कई किलोमीटर लंबे जाम, हजारों लोगों का घंटों फंसे रहना तथा बच्चों को स्कूल से गोद में उठाकर घर ले जाने की नौबत यह साबित करती है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद शहरी आधारभूत ढांचा बेहद कमजोर है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि भाजपा सरकार ने गुरुग्राम को स्मार्ट सिटी बनाने के बड़े-बड़े दावे किए, लेकिन हर मानसून में वही समस्याएं दोहराई जाती हैं। जनता को विकास के दावे नहीं, स्थायी समाधान चाहिए। सरकार को जिम्मेदारी तय कर जल निकासी व्यवस्था, सड़क निर्माण और शहरी नियोजन में तत्काल सुधार करना चाहिए, ताकि हर वर्ष लोगों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।
फोटो कुमारी सैलजा
——————————
वेणुगोपाल ने राम मंदिर चढ़ावा मामले की न्यायिक जांच की मांग उठाई
कुमारी सैलजा बोलीं 17 जुलाई को उत्तराखंड आएंगे राहुल गांधी, युवाओं के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे
देहरादून, 10 जुलाई।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव संगठन के.सी. वेणुगोपाल ने अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित मामले की उच्चतम न्यायालय के किसी न्यायाधीश की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री की चुप्पी भी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्यों की ‘डबल इंजन’ सरकारों की नीतियों से जनता में नाराजगी बढ़ रही है।
उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे के समापन पर शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में वेणुगोपाल ने कहा कि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों और विभिन्न फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों के साथ व्यापक विचार-विमर्श किया गया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पूरी एकजुटता के साथ चुनाव लड़ेगी और जीत के लिए तैयार है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में भाजपा के दस वर्षों के शासनकाल में बेरोजगारी, पलायन और भ्रष्टाचार जैसी समस्याएं बढ़ी हैं। भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों से जनता त्रस्त हो चुकी है और कांग्रेस युवाओं तथा आमजन के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। वेणुगोपाल ने अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े कथित प्रकरण का उल्लेख करते हुए इसकी निष्पक्ष जांच उच्चतम न्यायालय के किसी न्यायाधीश की निगरानी में कराने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि इस मामले पर प्रधानमंत्री की चुप्पी भी सवालों के घेरे में है। साथ ही उन्होंने कहा कि बदरीनाथ धाम में सोना चोरी और चढ़ावे से जुड़े मामलों ने भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े किए हैं।
उत्तराखंड कांग्रेस की प्रभारी, सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की सदस्य कुमारी सैलजा ने कहा कि प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और संगठन पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठक कर राजनीतिक स्थिति और चुनावी तैयारियों पर विस्तृत फीडबैक लिया गया है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नहीं, बल्कि भाजपा आंतरिक गुटबाजी से जूझ रही है तथा भ्रष्टाचार, महंगाई और जनहित के मुद्दों पर जनता सरकार से नाराज है।
कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि आस्था के नाम पर अनियमितताएं हो रही हैं और विभिन्न मामलों में जांच एजेंसियों की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने दलितों, महिलाओं और कमजोर वर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि धामी सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल साबित हो रही है। कुमारी सैलजा ने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी 17 जुलाई को उत्तराखंड के दौरे पर आएंगे, जहां युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपना जनआंदोलन लगातार जारी रखेगी।
फोटो कुमारी सैलजा


