एस.ए.एस. नगर में पेट्रोलियम ईंधन और एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं
डीसी ने लोगों से वाहन और घरेलू गैस ईंधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करने और जमाखोरी से गुरेज करने की अपील की
पेट्रोल एवं घरेलू गैस कंपनियों के सेल्स मैनेजरों के साथ बैठक की
एस.ए.एस. नगर, 21 मई:
डिप्टी कमिश्नर श्रीमती कोमल मित्तल ने आज स्पष्ट किया कि जिला एस.ए.एस. नगर में पेट्रोलियम उत्पादों तथा घरेलू एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है और लोगों से अपील की कि वे घबराहट में आकर अनावश्यक खरीदारी या ईंधनों की जमाखोरी न करें।
जिला प्रशासनिक परिसर में पेट्रोल पंप डीलरों तथा घरेलू गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों और सेल्स मैनेजरों के साथ बैठक की अध्यक्षता करते हुए डिप्टी कमिश्नर ने जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी सिलेंडरों की उपलब्धता एवं आपूर्ति स्थिति की समीक्षा की।
उन्होंने बताया कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी के पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध हैं तथा जिले के सभी क्षेत्रों में नियमित आपूर्ति जारी है। उन्होंने संबंधित कंपनियों और डीलरों को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की कृत्रिम कमी या कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
श्रीमती मित्तल ने लोगों से ईंधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ईंधनों की कमी संबंधी अफवाहों पर विश्वास न किया जाए और न ही उन्हें फैलाया जाए, क्योंकि जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
डिप्टी कमिश्नर ने आगे बताया कि सभी पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों को सुचारू वितरण सुनिश्चित करने तथा आपूर्ति या स्टॉक से संबंधित किसी भी समस्या की तुरंत सूचना देने के निर्देश जारी किए गए हैं।
इस बैठक में डीएफएससी वरिंदर कुमार तथा विभिन्न पेट्रोलियम और गैस कंपनियों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।


