Homepunjabगुरुग्राम की तस्वीर बदलने के लिए मिशन मोड में काम करें अधिकारी:...

गुरुग्राम की तस्वीर बदलने के लिए मिशन मोड में काम करें अधिकारी: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*

गुरुग्राम की तस्वीर बदलने के लिए मिशन मोड में काम करें अधिकारी: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*

 

*मुख्यमंत्री ने जीएमडीए और नगर निगम के अधिकारियों के साथ की विकास कार्यों की समीक्षा, स्वच्छता से लेकर बुनियादी सुविधाओं तक की प्रगति जानी*

 

*मुख्यमंत्री ने कहा, स्वच्छता और सीएंडडी वेस्ट प्रबंधन पर माइक्रो मैनेजमेंट से करें काम*

 

*सीएंडडी वेस्ट के अस्थायी संग्रहण के लिए जिले में 10 स्थानों पर चिन्हित होगी एक-एक हेक्टेयर भूमि*

 

*शहर में कहीं भी धूल न उड़ने दें, ग्रीन बेल्ट और फुटपाथ का हो बेहतर रखरखाव : मुख्यमंत्री*

 

*मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश, पेयजल, सड़क और सीवरेज की मिसिंग लिंक परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करें अधिकारी*

 

 

चंडीगढ़, 24 नवंबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को गुरुग्राम में गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) तथा नगर निगम के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए शहर की स्वच्छता, सीएंडडी वेस्ट (निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट) के प्रबंधन, जलभराव की रोकथाम, सड़क, पेयजल एवं सीवरेज की मिसिंग लिंक परियोजनाओं सहित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुरुग्राम की व्यवस्थाओं के भीतर धरातल पर स्पष्ट बदलाव दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार के पास विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। अधिकारी पूरी ईमानदारी, जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ सरकार की योजनाओं एवं विकास कार्यों को धरातल पर उतारें। उन्हें केवल कार्यों की प्रगति की रिपोर्ट नहीं, बल्कि उनके वास्तविक परिणाम दिखाई देने चाहिए।

बैठक में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर तथा गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, हरियाणा सरकार के शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार डी.एस.ढेसी, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ यशपाल यादव, भी मौजूद रहे।

 

*स्वच्छता और सीएंडडी वेस्ट प्रबंधन पर माइक्रो मैनेजमेंट से करें काम*

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और सीएंडडी वेस्ट के उचित निस्तारण के लिए अधिकारी माइक्रो मैनेजमेंट के स्तर पर काम करें। निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस पूरी प्रक्रिया में संबंधित कंपनियों की जवाबदेही तय की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि कचरे का निस्तारण निर्धारित मानकों के अनुसार हो।

 

*सीएंडडी वेस्ट के अस्थायी संग्रहण के लिए जिले में 10 स्थानों पर चिन्हित होगी एक-एक हेक्टेयर भूमि*

 

बैठक में जीएमडीए के सीईओ डी .के बेहेरा ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि सीएंडडी वेस्ट के व्यवस्थित प्रबंधन को लेकर नागरिकों के साथ बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में नागरिकों से प्राप्त सुझावों के आधार पर जिले में 10 अलग-अलग स्थानों पर एक-एक हेक्टेयर भूमि चिह्नित करने की योजना बनाई गई है। इन स्थानों पर निर्माण एवं विध्वंस से निकलने वाले कचरे का अस्थायी रूप से संग्रहण किया जाएगा। इसके लिए निर्धारित भूमि को चारों ओर से कवर (चारदीवारी अथवा घेराबंदी) किया जाएगा, ताकि कचरे का अनियंत्रित फैलाव न हो और आसपास के क्षेत्रों में गंदगी एवं प्रदूषण की समस्या पैदा न हो। इस व्यवस्था से सीएंडडी वेस्ट के संग्रहण और आगे उसके वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने सीएंडडी वेस्ट के दीर्घकालिक एवं व्यवस्थित निस्तारण के लिए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के निकट जिले में लगभग 500 एकड़ भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए ताकि भविष्य में गुरुग्राम, मानेसर तथा फरीदाबाद का सी एंड डी वेस्ट का यहां निस्तारण किया जा सके।

 

*दिल्ली से अवैध रूप से सीएंडडी वेस्ट लाने वालों पर लगेगा भारी जुर्माना*

 

बैठक में दिल्ली से गुरुग्राम में अवैध रूप से सीएंडडी वेस्ट लाने वाले वाहनों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। इस संबंध में सीपी शिवास कविराज ने जानकारी दी कि अब तक ऐसी 12 गाड़ियों को जब्त किया जा चुका है तथा संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इस प्रकार अवैध रूप से कचरा डालने वालों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। संबंधित मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा दोषियों पर भारी जुर्माना लगाया जाए। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम की स्वच्छता से किसी भी कीमत पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। बाहर से कचरा लाकर शहर की स्वच्छता व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

 

*शहर में कहीं भी धूल न उड़ने दें, ग्रीन बेल्ट और फुटपाथ का हो बेहतर रखरखाव*

 

मुख्यमंत्री ने शहर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि गुरुग्राम में कहीं भी धूल उड़ती हुई दिखाई नहीं देनी चाहिए। सड़कों के किनारे स्थित ग्रीन बेल्ट में घास लगाई जाए और उनका नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। फुटपाथों पर टाइल्स की जगह व्यवस्थित एवं टिकाऊ प्लेटें लगाने तथा प्रमुख सड़कों के किनारे बेहतर फुटपाथ विकसित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहर की प्रमुख सड़कों और सार्वजनिक स्थलों का स्वरूप व्यवस्थित एवं आकर्षक होना चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।

मुख्यमंत्री ने नगर निगम अधिकारियों से शहर की मौजूदा स्वच्छता व्यवस्था की जानकारी लेते हुए कहा कि सफाई कार्यों के लिए जिन कर्मचारियों एवं अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, उनकी उपस्थिति और कार्य की नियमित निगरानी की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि निर्धारित संख्या में सफाई कर्मचारी धरातल पर मौजूद रहकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं। शहर की प्रत्येक प्रमुख सड़क के लिए एक अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित की जाए, ताकि सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही होने पर जवाबदेही तय की जा सके। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह शहर की नियमित व्यवस्था का हिस्सा बननी चाहिए।

 

*पेयजल, सड़क और सीवरेज की मिसिंग लिंक परियोजनाओं को प्राथमिकता से पूरा करें अधिकारी*

 

मुख्यमंत्री ने जीएमडीए की सड़क, पेयजल आपूर्ति एवं सीवरेज नेटवर्क से संबंधित मिसिंग लिंक परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर गति प्रदान की जाए। पेयजल आपूर्ति के मुख्य नेटवर्क से छूटे हुए लिंक को जोड़कर शहर में निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसी प्रकार सड़क नेटवर्क में जहां भी कनेक्टिविटी की कमी है, वहां मिसिंग लिंक विकसित कर आवागमन को सुगम बनाया जाए। उन्होंने सीवरेज नेटवर्क के अधूरे लिंक को भी शीघ्र जोड़ने के निर्देश दिए, ताकि सीवरेज और जलनिकासी व्यवस्था सुचारू बनी रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परियोजनाओं में भूमि की उपलब्धता बाधा बन रही है, वहां अधिकारी लैंड एक्सचेंज सहित अन्य व्यावहारिक विकल्पों पर काम करते हुए समाधान निकालें। शहर की बढ़ती आबादी और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए आधारभूत सुविधाओं का मजबूत एवं व्यवस्थित ढांचा तैयार किया जाए।

 

*प्रमुख चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी स्वयं लें संयुक्त आयुक्त*

 

बैठक में पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने सुझाव दिया कि नगर निगम के संयुक्त आयुक्त अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी स्वयं लें। चौक-चौराहों पर साफ-सफाई, हरियाली, उचित लाइटिंग और व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। इससे शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ नागरिकों को भी बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं मिलेंगी।

 

*बेसहारा पशुओं को पकड़कर गोशालाओं में भेजने की कार्रवाई जारी रखें*

 

बैठक में शहर में बेसहारा पशुओं की समस्या पर भी चर्चा हुई। गुरुग्राम नगर निगम आयुक्त डॉ पंकज ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि अब तक लगभग 250 से अधिक बेसहारा गोवंश को पकड़कर गोशालाओं में भेजा जा चुका है। इस दौरान कुछ स्थानों पर पशुओं को पकड़ने वाली टीमों के साथ मारपीट की घटनाओं का विषय भी सामने आया। मुख्यमंत्री ने ऐसी घटनाओं पर कड़ा संज्ञान लेते हुए निर्देश दिए कि सरकारी कार्य में बाधा डालने तथा कर्मचारियों के साथ मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि पशुओं के संरक्षण और शहर की व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्धारित नियमों के अनुसार कार्रवाई निरंतर जारी रहनी चाहिए।

बैठक में फरीदाबाद नगर निगम के आयुक्त यशेंद्र सिंह, डीसी उत्तम सिंह, जीएमडीए के एडिशनल सीईओ मोहम्मद इमरान रजा, गुरुग्राम नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त यश जालुका तथा रवींद्र यादव सहित जीएमडीए तथा नगर निगम गुरुग्राम के विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।

क्रमांक-2026

श्री कपाल मोचन मेले में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के उत्पाद बने आकर्षण, स्वदेशी स्टॉल से मिल रहा स्वरोजगार को बढ़ावा

 

जंगली मधुमक्खियों से तैयार शहद 500 रुपये प्रति किलो बिक रहा, मेले से महिलाओं को मिल रहा अच्छा कारोबार व प्रोत्साहन

 

चंडीगढ़, 24 नवंबर- मेला श्री कपाल मोचन-श्री आदि बद्री में आयोजित प्रदर्शनी के साथ लगे स्वदेशी मेले में स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल ग्रामीण महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणादायक कहानी बयां कर रहे हैं।

मेले में जिला अंबाला के गांव हरडा परी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉल पर शहद, फूलों से तैयार शहद, हनी च्यवनप्राश तथा ड्राई फ्रूट हनी सहित विभिन्न उत्पाद उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। इन उत्पादों को महिलाओं द्वारा तैयार किया जा रहा है, जिससे उन्हें स्वरोजगार के साथ अपनी आमदनी बढ़ाने का अवसर मिल रहा है। परी स्वयं सहायता समूह की प्रधान परवित्रा रानी ने बताया कि उनके समूह में कुल 11 महिलाएं शामिल हैं, जो मिलकर विभिन्न उत्पाद तैयार करने और उनकी बिक्री का कार्य करती हैं। समूह द्वारा प्राकृतिक रूप से प्राप्त शहद तथा शहद से तैयार अन्य उत्पादों को लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। स्टॉल पर जंगली मधुमक्खियों से तैयार शहद विशेष आकर्षण बना हुआ है, जिसे 500 रुपये प्रति किलो की दर से बेचा जा रहा है। इसके अलावा शहद में ड्राई फ्रूट्स मिलाकर तैयार किए गए उत्पाद तथा हनी च्यवनप्राश भी ग्राहकों को पसंद आ रहे हैं।

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि इस प्रकार के मेले उनके लिए काफी लाभकारी साबित हो रहे हैं। एक ओर उन्हें अपनी मेहनत से तैयार उत्पादों की बिक्री का अवसर मिलता है, वहीं दूसरी ओर उन्हें अपने काम को आगे बढ़ाने, आत्मविश्वास बढ़ाने और आर्थिक रूप से मजबूत बनने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी मेले एवं श्री कपाल मोचन मेला जैसे आयोजन महिला स्वयं सहायता समूहों को मंच प्रदान करते हैं और महिलाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

क्रमांक-2026

दिव्य नगर योजना के तहत पानीपत में आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग सिस्टम और सीसीएमएस को लागू करने के लिए 4097.75 लाख रुपये की मिली प्रशासनिक स्वीकृति- शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा

 

योजना के तहत 2048.87 लाख रुपये आवंटित करने को भी दी गई है मंजूरी

 

आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग और सीसीएमएस लगने से शहर की सड़कों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर रोशनी व्यवस्था होगी अधिक प्रभावी, नागरिकों व विद्यार्थियों की आवाजाही अधिक सुरक्षित होगी और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को मिलेगी मजबूती-महीपाल ढांडा

 

चंडीगढ़, 24 नवंबर- हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि प्रदेश सरकार शहरी बुनियादी ढांचे को आधुनिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में दिव्य नगर योजना के अंतर्गत पानीपत नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में आने वाले स्ट्रीट लाइटिंग सिस्टम और सीसीएमएस (सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल एंड मॉनिटरिंग सिस्टम) लगाने के लिए 4097.75 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। साथ ही, योजना के तहत 2048.87 लाख रुपये आवंटित करने को भी मंजूरी दी गई है। यह महत्वपूर्ण स्वीकृति मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की स्वीकृति से जारी की गई है। इसके लिए शिक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री का आभार जताया है।

शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बताया कि पानीपत नगर निगम के कार्यालय से इस विकास परियोजना का प्रस्ताव और अनुमान प्रस्तुत किया गया था। आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग और सीसीएमएस लगने से शहर की सड़कों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर रोशनी व्यवस्था अधिक प्रभावी व ऊर्जा-दक्ष बनेगी। इससे नागरिकों व विद्यार्थियों की आवाजाही अधिक सुरक्षित होगी और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि परियोजना की कुल स्वीकृत राशि 4097.75 लाख रुपये में से 50 प्रतिशत यानी 2048.87 लाख रुपये दिव्य नगर योजना के दिशानिर्देशों के अनुसार पानीपत नगर निगम द्वारा अपने स्वयं के कोष से वहन किए जाएंगे। नगर निगम राज्य के हिस्से की प्राप्ति से पहले योजना के अंतर्गत अपने हिस्से का उपयोग करेगा, जबकि राज्य का हिस्सा केवल वास्तविक रूप से किए गए कार्य के आधार पर, निर्धारित प्रक्रिया के अधीन और मांग पर ही जारी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कार्य को उच्च गुणवत्ता और पूर्ण पारदर्शिता के साथ पूरा करने के लिए स्पष्ट शर्तें निर्धारित की गई हैं। नगर निगम आयुक्त यह सुनिश्चित करेंगे कि यह कार्य केवल नगर निगम के अधिकृत एवं अनुमोदित क्षेत्र में ही हो।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि तकनीकी एवं सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। कार्य का निष्पादन विद्युत अधिनियम, 2003, लागू सीईए सुरक्षा विनियमों, भारत के राष्ट्रीय विद्युत संहिता और संबंधित बीआईएस मानकों के प्रावधानों के अनुरूप होगा, जिसमें एलईडी स्ट्रीट-लाइटिंग सिस्टम की स्थापना, अर्थिंग, सुरक्षा व संचालन के मानक शामिल हैं।

मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से पानीपत शहर की शहरी सुविधाओं में बड़ा सुधार आएगा और आमजन को बेहतर, सुरक्षित व आधुनिक नागरिक सेवाएं मिल सकेंगी।

क्रमांक 2026

*गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*

 

*मुख्यमंत्री ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर कपालमोचन की पावन धरती पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में  शिरकत की*

 

*मुख्यमंत्री ने श्राईन बोर्ड को धर्मशालाओं के विकास के लिए दिए 2 करोड़ रुपये*

 

*ड्रोन, लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से हरियाणा की गौरवशाली विरासत, श्री गुरु नानक देव जी का संदेश, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का कपालमोचन में 52 दिनों का प्रवास तथा बाबा बंदा सिंह बहादुर जी का शौर्य प्रदर्शित किया गया*

 

*गुरु नानक देव जी ने ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ के माध्यम से मानवता को दिया जीवन जीने का मार्ग : मुख्यमंत्री*

 

*हरियाणा सरकार ने 1984 के दंगों में जान गंवाने वाले 121 सिख परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का किया प्रावधान*

 

*कहा, कुरुक्षेत्र में बनाया जा रहा प्रदेश का पहला सिख संग्रहालय, लौहगढ़ में 244.51 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक एवं थीम पार्क*

चंडीगढ़ , 24 नवम्बर- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं केवल किसी एक धर्म, समाज या समय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनकी शिक्षाएं संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समाज को सत्य, सेवा, समानता और सद्भाव का संदेश दिया। गुरु साहिब ने जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव की दीवारों को चुनौती देते हुए कहा कि परमात्मा की बनाई इस दुनिया में हर इंसान बराबर है।

मुख्यमंत्री सोमवार देर शाम यमुनानगर स्थित कपालमोचन की पावन धरती पर श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की पूर्व संध्या पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने दूर-दूर से पहुंचे साध-संगत का अभिनंदन करते हुए प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान ड्रोन, लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से हरियाणा की गौरवशाली विरासत को आकाश में साकार होते दिखाया गया। इसमें श्री गुरु नानक देव जी का सत्य, सेवा और समानता का संदेश, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का कपालमोचन में 52 दिनों का प्रवास तथा बाबा बंदा सिंह बहादुर जी का शौर्य प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री ने श्राईन बोर्ड को धर्मशालाओं के विकास के लिए 2 करोड़ रुपये की सहायता की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तीर्थराज कपालमोचन हमारी साझा आस्था और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत प्रतीक है। महाभारत और पुराणों की परंपराओं में भी इस तीर्थ का उल्लेख मिलता है। श्री गुरु नानक देव जी ने भी इस पावन स्थल पर अपने चरण रखे थे। भंगाणी के युद्ध के बाद दशम पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का यहां 52 दिनों तक ठहरना इस भूमि के सिख इतिहास से गहरे संबंध को दर्शाता है।

 *गुरु नानक देव जी ने दिया समानता और मानवता का संदेश*

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने ‘एक ओंकार’ का संदेश देकर पूरी मानव जाति को एक परिवार के रूप में देखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि गुरु साहिब की वाणी में यह सार्वभौमिक भावना अत्यंत सुंदर ढंग से व्यक्त होती है- ‘अवल अल्लाह नूर उपाया, कुदरत के सब बंदे। एक नूर ते सब जग उपजिया, कौन भले कौन मंदे।’

उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने मानव जीवन को दिशा देने वाले तीन सरल सिद्धांत दिए- नाम जपो, किरत करो और वंड छको। ये सिद्धांत हमें आध्यात्मिक शांति के साथ-साथ एक जिम्मेदार नागरिक बनने का मार्ग भी दिखाते हैं। यदि हम इन सिद्धांतों को अपने घर, कार्यस्थल और समाज में अपनाएं तो अनेक सामाजिक समस्याओं का समाधान स्वत: हो सकता है। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने महिलाओं के सम्मान और समानता का भी संदेश दिया। उन्होंने नारी के सम्मान और समाज में उसकी महत्ता को रेखांकित किया।

*प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिख गुरुओं की स्मृति को मिला राष्ट्रीय सम्मान*

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सिख गुरुओं की स्मृति और उनके महान संदेश को देशभर में सम्मान देने के अनेक कार्य किए हैं। वर्ष 2019 में श्री गुरु नानक देव जी का 550 वां प्रकाश पर्व पूरे देश में श्रद्धा और उत्साह से मनाया गया। सुल्तानपुर लोधी को विरासत शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है। पंजाब के गुरदासपुर में डेरा बाबा नानक से श्री करतारपुर साहिब गलियारे का विकास किया गया, जिसके लिए 120 करोड़ रुपये आवंटित किए गए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की स्मृति में जामनगर में 750 बिस्तरों वाले अस्पताल का उद्घाटन किया। वहीं, श्री अमृतसर साहिब से श्री नांदेड़ साहिब तक तीर्थयात्रियों के लिए विशेष उड़ान की व्यवस्था भी की गई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400वें प्रकाश वर्ष को देशभर में मनाने का निर्णय लिया। इसी कड़ी में 24 अप्रैल, 2022 को पानीपत की ऐतिहासिक धरती पर ‘हिंद की चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर जी के 400 वें प्रकाश वर्ष के उपलक्ष्य में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। इसके अलावा, साहिबजादों के बलिदान को स्मरण करते हुए प्रत्येक वर्ष 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस मनाने का निर्णय लिया गया।

*हरियाणा में सिख गुरुओं की स्मृति में किए जा रहे अनेक कार्य*

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की पावन धरा का सिख गुरुओं से गहरा संबंध रहा है। अंबाला जिले का लखनौर साहिब अकाल पुरख श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की ननिहाल थी और उनका बचपन वहां बीता। धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र में भी समय-समय पर आठ गुरुओं का आगमन हुआ। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने सिख गुरुओं की स्मृतियों को चिरस्थायी बनाने के लिए अनेक ठोस कदम उठाए हैं। नवंबर 2025 में पूरे प्रदेश में श्री गुरु तेग बहादुर जी का बलिदान दिवस मनाया गया। उन्होंने बताया कि 25 नवंबर 2025 को ज्योतिसर, कुरुक्षेत्र में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन प्रकाश में विशाल समागम आयोजित किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। इस अवसर पर भारत सरकार द्वारा जारी सिक्के और डाक टिकट तथा हरियाणा सरकार द्वारा तैयार कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। उन्होंने बताया कि यमुनानगर जिले के कलेसर में 18 नवंबर, 2025 को श्री गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर वन स्थापित करने का निर्णय लिया गया। वहां गुरु तेग बहादुर द्वार भी बनाया गया है। यमुनानगर के किशनपुरा में गुरु तेग बहादुर कृषि महाविद्यालय खोलने की घोषणा की गई है। यमुनानगर में बनने वाले मेडिकल कॉलेज का नाम भी ‘हिंद की चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर सिंह जी के नाम पर रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1984 के दंगों में अपने परिजनों को खोने वाले 121 सिख परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का प्रावधान किया गया है। 24 दिसंबर 2025 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंचकूला में इन परिवारों के सदस्यों को नियुक्ति पत्र सौंपे। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2022 में हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति की स्थापना की गई, जिससे सिख समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई और प्रदेश में सिख समुदाय को स्वायत्तता मिली।

*तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए सरकार ने उठाए कदम*

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए ‘स्वर्ण जयंती गुरु दर्शन यात्रा योजना’ शुरू की गई, ताकि श्री हजूर साहिब, श्री ननकाना साहिब, श्री हेमकुंड साहिब और श्री पटना साहिब जाने वाले तीर्थयात्रियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जा सके। उन्होंने बताया कि ‘प्रसाद योजना’ के तहत 27 नवंबर, 2023 को नाडा साहिब गुरुद्वारा, पंचकूला में 13.55 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला पार्किंग बनाई गई, जिसमें 300 वाहन पार्क किए जा सकते हैं। सिरसा स्थित गुरुद्वारा श्री चिल्ला साहिब को 27 जून, 2024 को 70 कनाल भूमि नि:शुल्क हस्तांतरित करने का निर्णय भी लिया गया।

उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि कोई भी श्रद्धालु धन के अभाव में तीर्थयात्रा से वंचित न रहे। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत श्री हजूर साहिब, नांदेड़ के लिए दो विशेष ट्रेनें चलाई गईं। पहली ट्रेन 5 मई, 2026 को कुरुक्षेत्र से और दूसरी ट्रेन 15 मई को सिरसा से रवाना हुई।

 

*लौहगढ़ में 244.51 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक एवं थीम पार्क*

मुख्यमंत्री ने कहा कि कपालमोचन से कुछ दूरी पर स्थित लौहगढ़ का भी सिख इतिहास में विशेष महत्व है। बाबा बंदा सिंह बहादुर जी ने इसे सिख राज्य की राजधानी बनाया था। लौहगढ़ में बाबा बंदा सिंह बहादुर के नाम से एक ट्रस्ट बनाया गया है, जो यहां की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोने का कार्य कर रहा है। यहां 244.51 करोड़ रुपये की लागत से बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक एवं थीम पार्क का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र के उमरी में छठी पातशाही गुरुद्वारे के पास सिख संग्रहालय बनाया जा रहा है। यह प्रदेश का पहला ऐसा संग्रहालय होगा, जिसमें सिख इतिहास, संस्कृति और गुरुओं के योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार सिख गुरुओं की शिक्षाओं और उनके महान योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर उन्होंने मेला श्री कपाल मोचन-आदिबद्री परिसर में स्थित 32 धर्मशालाओं के विकास कार्यों के लिए श्राईन बोर्ड को 2 करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की तथा विधायक रखी गई मांगों को पूरा करवाने का आश्वासन भी दिया। साढौरा के पूर्व विधायक बलवंत सिंह ने समारोह में आए सभी अतिथियों का धन्यवाद किया।

इस अवसर पर हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, यमुनानगर के विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल, साढौरा की विधायक रेणु बाला, रतिया के विधायक सरदार जरनैल सिंह, पूर्व विधायक बलवन्त सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, जिला परिषद के चेयरमैन रमेश ठसका, पिंड मानुका गिल मोगा के बाबा गोबिन्द सिंह, मुख्यमंत्री के विशेष अधिकारी भोपाल सिंह खदरी, बंजारा,घुमंतू विमुक्त जाति के चेयरमैन सरदार जसमेर सिंह  सहित भाजपा नेतागण व प्रशासन के अधिकारीगण, लाखों की संख्या में श्रद्घालु उपस्थित रहे।

क्रमांक-2026

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments