गुरुग्राम की सड़कों को धूल-मिट्टी से मुक्त करें, नियमित हो पानी का छिड़काव – राव नरबीर सिंह*
*28 अक्टूबर से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए 100 वाहन उतारने की तैयारी, कुल 875 वाहनों की होगी तैनाती*
*बंधवाड़ी में 42.95 लाख मीट्रिक टन लीगेसी वेस्ट का निस्तारण*
चंडीगढ़, 26 अक्टूबर- हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्यिक मंत्री राव नरबीर सिंह ने नगर निगम गुरुग्राम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की सभी सड़कों को धूल-मिट्टी से मुक्त बनाया जाए। सड़कों की डीप क्लीनिंग करवाने के साथ नियमित रूप से पानी का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए, ताकि धूल के कारण होने वाले वायु प्रदूषण को कम किया जा सके। उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने, कचरा प्रबंधन में तेजी लाने और प्रदूषण नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने पर जोर दिया।
उद्योग मंत्री सोमवार को गुरुग्राम के लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर लीगेसी वेस्ट के निस्तारण, सड़क सुधार और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई।
मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि सड़कों पर जमा धूल-मिट्टी को हटाने के लिए नियमित रूप से विशेष सफाई अभियान चलाए जाएं। संबंधित अधिकारी डीप क्लीनिंग और पानी के छिड़काव की नियमित निगरानी करें, ताकि इन कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके और नागरिकों को प्रदूषण से राहत मिले।
नगर निगम गुरुग्राम द्वारा डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण एवं परिवहन के लिए पांच वर्ष की अवधि और दो वर्ष के विस्तार प्रावधान वाला दीर्घकालिक टेंडर आवंटित किया गया है। इसके तहत क्लस्टर-1 में मैसर्स दिल्ली एमएसडब्ल्यू सॉल्यूशंस लिमिटेड और क्लस्टर-2 में मैसर्स बीवीजी इंडिया लिमिटेड को जिम्मेदारी सौंपी गई है। दोनों क्लस्टरों में कुल 875 वाहनों की व्यवस्था की गई है, जिनमें 675 लाइट कमर्शियल वाहन (एलसीवी), 184 ई-रिक्शा और 16 कॉम्पैक्टर शामिल हैं। वाहनों की तैनाती 28 अक्टूबर से शुरू करने की योजना है, जिसके पहले चरण में 100 वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे।
बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर लीगेसी वेस्ट प्रबंधन की समीक्षा के दौरान बताया गया कि 20 अक्टूबर 2026 तक कुल 58.50 लाख मीट्रिक टन कचरा प्राप्त हुआ है, जिसमें से 42.95 लाख मीट्रिक टन का निस्तारण किया जा चुका है।
बैठक में सड़क सुधार एवं नागरिक शिकायतों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। 24-आवर चैलेंज के तहत प्राप्त 3,815 शिकायतों में से 3,041 का निस्तारण किया जा चुका था, जबकि 774 शिकायतें लंबित थीं। 100 रोड्स चैलेंज के तहत कार्य की भौतिक प्रगति 29.3 प्रतिशत और 10 आइकॉनिक रोड्स परियोजना की प्रगति 35.8 प्रतिशत दर्ज की गई।
इस अवसर पर निगमायुक्त प्रदीप दहिया, अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी, यश जालुका एवं रविन्द्र यादव, चीफ इंजीनियर विजय ढाका, संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रीतपाल सिंह सहित नगर निगम के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
क्रमांक-2026
*जिला स्तरीय मेगा रोजगार मेले में 668 युवाओं को मिले ऑफर लेटर*
*उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने वितरित किए ऑफर लेटर, 65 कंपनियों ने लिया भाग*
चण्डीगढ़, 26 अक्तूबर – हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। युवाओं को अपने हुनर को निखारते हुए आगे बढ़ना चाहिए, ताकि वे अनुभव और कौशल के आधार पर भविष्य में अपना उद्योग या व्यवसाय स्थापित कर सकें और अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकें।
राव नरबीर सिंह सोमवार को राजकीय महिला महाविद्यालय, सेक्टर-14, गुरुग्राम में आयोजित जिला स्तरीय मेगा रोजगार मेले में उपस्थित युवाओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने चयनित युवाओं को ऑफर लेटर भी वितरित किए।
उन्होंने कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है और तकनीक के साथ उद्योगों की जरूरतें भी बदल रही हैं। ऐसे में युवाओं को केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने कौशल और व्यावहारिक ज्ञान को लगातार बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नए उद्योग स्थापित होने और निवेश बढ़ने से रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। युवाओं को इन अवसरों का लाभ उठाने के लिए स्वयं को तैयार करना होगा। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि आर्थिक प्रगति के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने युवाओं से सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने और गुरुग्राम को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में योगदान देने की अपील की।
मेगा रोजगार मेले में 65 कंपनियों ने भाग लिया। इस दौरान 1,456 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 980 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया और 668 युवाओं को ऑफर लेटर प्रदान किए गए।


