Homepunjabगुरु रविदास जी की वाणी को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध...

गुरु रविदास जी की वाणी को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है हरियाणा सरकार : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*

गुरु रविदास जी की वाणी को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है हरियाणा सरकार : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*

 

*कुरुक्षेत्र के उमरी में 124 करोड़ रुपये की लागत से 5 एकड़ भूमि पर बनाया जा रहा भव्य गुरु रविदास धाम*

 

 *गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व हरियाणा में पूरे वर्ष राज्य स्तर पर मनाया जा रहा*

 

*समरसता संकल्प यात्रा का फरीदाबाद पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने किया भव्य स्वागत*

चंडीगढ़, 28 नवंबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की महान वाणी और उनके समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संत-महापुरुषों की शिक्षाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने और उनकी जयंतियों को राज्य स्तर पर मनाने की परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है। हरियाणा विधानसभा ने गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को पूरे वर्ष राज्य स्तर पर मनाने का संकल्प लिया है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी आज फरीदाबाद में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा के पहुंचने पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाओं को आगे बढ़ाते हुए कुरुक्षेत्र के उमरी में 5 एकड़ भूमि पर 124 करोड़ रुपये की लागत से भव्य गुरु रविदास धाम का निर्माण किया जा रहा है। यह धाम केवल पत्थरों से बनी इमारत नहीं होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सामाजिक समरसता और समानता का तीर्थ केंद्र बनेगा। गुरु रविदास जी किसी एक जाति या वर्ग के गुरु नहीं थे, बल्कि संपूर्ण मानवता के पथप्रदर्शक थे। जिस प्रकार गंगा का जल हर प्यासे के लिए है, उसी प्रकार गुरु रविदास जी की वाणी प्रत्येक मनुष्य के लिए है।

*गुरु रविदास जी की चरण पादुकाओं और पावन कलश यात्रा का फरीदाबाद में भव्य स्वागत*

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सभी के लिए गर्व और गौरव का विषय है कि समरसता संकल्प यात्रा का फरीदाबाद की धरती पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया और गुरु रविदास जी महाराज की चरण पादुकाओं के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि 29 जुलाई, 2026 को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर वाराणसी स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से उनके 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में पावन कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ था। इस यात्रा में उनकी जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी को लेकर गुरुग्राम पहुंचा गया और 4 अगस्त को हरियाणा के सभी जिलों में कलश यात्रा के माध्यम से गांव-गांव और घर-घर तक गुरु जी का संदेश पहुंचाया गया। उन्होंने कहा कि इस कलश में केवल मिट्टी नहीं, बल्कि आस्था, विरासत और संस्कृति समाहित है। यह संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के महान विचारों का प्रतीक है। गत 18 नवंबर को पंजाब के डेरा सचखंड बल्ला से रवाना हुई समरसता संकल्प यात्रा जब बदरपुर बॉर्डर के रास्ते फरीदाबाद पहुंची, तो ऐसा लगा मानो 650 वर्षों की आस्था स्वयं चलकर हमारे द्वार पर आ गई हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस यात्रा की मंजिल भेदभाव मुक्त भारत का निर्माण है। हरियाणा की जनता की ओर से इस पावन यात्रा का स्वागत और अभिनंदन किया जाता है। यह यात्रा केवल सड़कों पर नहीं, बल्कि लोगों के दिलों में चली है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन ने इसे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। यात्रा 16 दिनों में 47 शहरों से होते हुए 2,402 किलोमीटर का सफर तय कर 3 दिसंबर को संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, काशी पहुंचेगी। हरियाणा में यह यात्रा यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत से होते हुए फरीदाबाद पहुंची है। यहां से यह पलवल और होडल होते हुए उत्तर प्रदेश के लिए रवाना होगी। उन्होंने कहा कि पंजाब से चला समरसता का संकल्प हरियाणा ने पूरे सम्मान के साथ अपनाया है और अब काशी इसकी प्रतीक्षा कर रही है। फरीदाबाद कर्मभूमि के रूप में अपनी अलग पहचान रखता है। यह मेहनतकश लोगों का शहर है। गुरु रविदास जी महाराज ने भी श्रम को सम्मान दिया और अपना पैतृक कार्य कभी नहीं छोड़ा। वे अपने कर्म को करते हुए संत शिरोमणि और जगतगुरु बने। उन्होंने औजार को आराधना और पसीने को पूजा का स्वरूप प्रदान किया।

*जातिगत भेदभाव मिटाकर ही स्थापित हो सकती है सच्ची सामाजिक समरसता*

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब समाज ऊंच-नीच और जातिगत भेदभाव में बंटा हुआ था, तब गुरु रविदास जी महाराज ने समानता और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने अपनी वाणी के माध्यम से समाज को समझाया कि जातिगत भेदभाव की परतें जब तक समाप्त नहीं होंगी, तब तक इंसान से इंसान का वास्तविक जुड़ाव संभव नहीं है। जाति के आधार पर किसी को छोटा या बड़ा समझना मानवता की मूल भावना के विपरीत है। गुरु रविदास जी की शिक्षाएं हमें भेदभाव से ऊपर उठकर प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान देने की प्रेरणा देती हैं। महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दो दिन पहले ही देश ने संविधान दिवस मनाया है। गुरु रविदास जी महाराज ने समानता की राह दिखाई और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने समानता के इस विचार को संविधान के माध्यम से अधिकार का स्वरूप प्रदान किया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी बाबा साहेब के संविधान और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।

*श्रमिकों के पसीने में दिखाई देते हैं गुरु रविदास जी के आदर्श*

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार युवाओं को रोजगार और आगे बढ़ने के एक सामान अवसर उपलब्ध करवा रही है। मेहनत से सने मजदूरों के हाथों में उन्हें संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज के हाथ दिखाई देते हैं। सरकार के लिए श्रम का कोई बोझ नहीं, बल्कि यही हरियाणा के विकास की रीढ़ है। प्रदेश के विकास में योगदान देने वाले प्रत्येक श्रमिक का सम्मान करना ही गुरु रविदास जी के प्रति सच्ची श्रद्धा और पूजा है। मुख्यमंत्री ने गुरु रविदास जी की वाणी का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां हर व्यक्ति को अन्न मिले और कोई छोटा-बड़ा न हो। उनकी यह कामना थी कि ऐसा राज्य हो, जहां सभी समान रूप से रहें और हर व्यक्ति प्रसन्न हो। गुरु जी की यही भावना हरियाणा सरकार के शासन और नीतियों का मार्गदर्शन कर रही है।

*प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र से बदल रही शासन व्यवस्था*

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र पर चलते हुए हरियाणा में शासन व्यवस्था का स्वरूप बदला गया है। पहले सरकारी योजनाओं का लाभ उन्हीं लोगों तक पहुंचता था, जिनकी पहुंच होती थी, लेकिन आज लाभ उसी व्यक्ति को मिल रहा है, जिसका उस पर अधिकार है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने व्यवस्था में यह सकारात्मक बदलाव किया है। उन्होंने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के योजनाओं का लाभ सीधे जरूरतमंदों के खातों में पहुंचा रही है। समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को प्राथमिकता दी जा रही है। संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करते हुए 1.80 लाख रुपये से कम वार्षिक पारिवारिक आय वाले परिवारों की बहनों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए उनके खातों में 2,100 रुपये की राशि पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। ये सभी प्रयास गुरु रविदास जी की समानता और जनकल्याण की शिक्षाओं से प्रेरित हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु रविदास जी ने हमें सिखाया कि मनुष्य जन्म से नहीं, बल्कि अपने कर्मों से बड़ा बनता है। इसी सिद्धांत को हरियाणा सरकार ने रोजगार व्यवस्था का आधार बनाया है। वर्तमान सरकार में युवाओं को बिना खर्ची-पर्ची के योग्यता और मेहनत के आधार पर सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि फरीदाबाद की धरती ने हमेशा सामाजिक न्याय की आवाज को बुलंद किया है। सांसद श्री कृष्ण पाल गुर्जर भी केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री के रूप में गरीब और वंचित वर्गों की निरंतर सेवा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की धरती पर इस ऐतिहासिक यात्रा का यह अंतिम चरण है। यात्रा आगे बढ़ेगी, लेकिन इसका समरसता का संदेश फरीदाबाद के हर घर तक पहुंचना चाहिए। हम सभी को मिलकर संकल्प लेना होगा कि गुरु रविदास जी महाराज की शिक्षाओं के अनुरूप न किसी के साथ भेदभाव करेंगे और न ही भेदभाव सहेंगे। श्रम का सम्मान करेंगे और प्रत्येक व्यक्ति को समान मान-सम्मान देंगे।

*समरसता संकल्प यात्रा गुरु रविदास जी के महान विचारों व उनके सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम -भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता*

भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने समरसता संकल्प यात्रा का अभिनन्दन करते हुए कहा कि यह यात्रा गुरु रविदास जी के महान विचारों व उनके सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। संत गुरु रविदास जी ने 15वीं सदी में समाज को समानता, भाईचारे और भेदभाव से मुक्त समाज का रास्ता दिखाया था। आज केंद्र और हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार उसी मार्ग पर आगे बढ़ते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याण का लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज से ऊंच-नीच और भेदभाव समाप्त करने का संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक सुविधाएं पहुंचाना और किसी भी व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहने देना है। यही संत रविदास जी की शिक्षाओं की मूल भावना भी है। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन और उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए हमें सामाजिक भेदभाव को समाप्त कर आपसी भाईचारे, समानता और समरसता को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए।

समरसता संकल्प यात्रा कार्यक्रम को कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार, राव नरबीर सिंह, श्री विपुल गोयल, मंत्री श्री राजेश नागर, सांसद श्री शिवेश कुमार राम,  विधायकगण श्री मूलचंद शर्मा, सतीश फागना और श्री धनेश अदलखा ने भी  सम्बोधित किया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भाजपा लाल सिंह आर्य, प्रदेश महामंत्री भाजपा सत्यप्रकाश जरावता एवं गोपाल शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा सुनीता दुग्गल, सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सर्व समाज के लोग उपस्थित रहे।

क्रमांक – 2026

राज्य सरकार तेजाब हमले से प्रभावित पीड़ितों को समय पर आर्थिक सहायता और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए प्रतिबद्ध : श्रुति चौधरी

 

तेजाब हमले की पीड़िता को 12.98 लाख रुपये से अधिक की चिकित्सा प्रतिपूर्ति और एक लाख रुपये की अंतरिम राहत मंजूर

 

महिला एवं बाल विकास विभाग की राज्य स्तरीय कमेटी की बैठक में लिया गया निर्णय

 

चंडीगढ़, 28 नवंबर-हरियाणा की महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार तेजाब हमले से प्रभावित पीड़ितों को समय पर आर्थिक सहायता, बेहतर चिकित्सा सुविधाएं और पुनर्वास सहायता प्रदान के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य पीड़ितों को हर तरह की सहायता मुहैया करवा कर उन्हें संबल प्रदान करना है, ताकि वे सम्मानपूर्वक जीवन जी सकें और कठिन परिस्थितियों से उबर सकें

श्रीमती श्रुति चौधरी आज पंचकूला में तेजाब हमले से प्रभावित पीड़ितों की  सहायता के लिए गठित राज्य स्तरीय कमेटी की बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार तेजाब हमले से प्रभावित महिलाओं, बालिकाओं और 18 वर्ष तक के बालकों के उपचार एवं पुनर्वास के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। विभाग द्वारा संचालित तेजाब पीड़ित राहत एवं पुनर्वास योजना के तहत पीड़ितों को एक लाख रुपये की अंतरिम राहत तथा 100 प्रतिशत निःशुल्क चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाती है।

राज्य स्तरीय कमेटी की बैठक में जींद जिले की एक पीड़िता के तेजाब हमले के उपचार पर हुए खर्च की चिकित्सा प्रतिपूर्ति के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।

कमेटी ने पीड़िता के उपचार पर खर्च हुए  11,12,614 रुपये तथा 85,953 रुपये के मेडिकल बिलों की प्रतिपूर्ति को मंजूरी प्रदान की। इसके अतिरिक्त, पीड़िता को योजना के तहत एक लाख रुपये की अंतरिम राहत राशि देने की भी स्वीकृति दी गई। इस प्रकार पीड़िता को कुल 12,98,567 रुपये की चिकित्सा प्रतिपूर्ति एवं अंतरिम राहत राशि स्वीकृत की गई है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़िता को दिव्यांग पेंशन दिलाने के लिए सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग को लिखा जाए। इसके अलावा, तेजाब हमले के पीड़ितों को योजना की जानकारी देने के लिए प्रचार अभियान चलाया जाए ताकि वे अपने अधिकार से वंचित न रहें।

बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव शेखर विद्यार्थी, निदेशक डॉ. प्रियंका सोनी, सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग के निदेशक एवं विशेष सचिव श्री मुकुल कुमार, डीजी डॉक्टर मनीष बंसल और पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

क्रमांक – 2026

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की समस्याओं का हो समय पर समाधान : श्रुति चौधरी

 

महिला एवं बाल विकास मंत्री ने यूनियन प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सेवा शर्तों, सामाजिक सुरक्षा, मानदेय और पदोन्नति से जुड़े मुद्दों पर की चर्चा

 

मानदेय हर माह की 7 तारीख से पहले खातों में जमा करने के निर्देश

चंडीगढ़, 28 नवंबर-हरियाणा की महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानदेय का समय पर भुगतान, रिक्त पदों को भरना, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से पोषण एवं अन्य सेवाओं का निर्बाध संचालन विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।

श्रीमती श्रुति चौधरी आज पंचकूला स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आंगनवाड़ी वर्कर्स एंड हेल्पर्स यूनियन, हरियाणा (पंजीकरण संख्या 1442) के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रही थीं।

बैठक में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की सेवा शर्तों, सामाजिक सुरक्षा, वित्तीय लाभों और पदोन्नति से संबंधित मांगों एवं समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री ने यूनियन प्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर संज्ञान लेते हुए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए तथा आश्वासन दिया कि सरकार के स्तर पर विचार किए जाने वाले मामलों को उचित माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा।

सामाजिक सुरक्षा और बीमा कवरेज के संबंध में मंत्री ने सभी जिला कार्यक्रम अधिकारियों (डीपीओ) को निर्देश दिए कि प्रत्येक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) के अंतर्गत उपलब्ध लाभों की जानकारी दी जाए। विभाग की ओर से बैठक में बताया गया कि इन योजनाओं के तहत आवश्यक प्रीमियम राशि संबंधित लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की जा रही है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फील्ड स्तर पर जागरूकता सुनिश्चित की जाए, ताकि पात्र कार्यकर्ता और सहायिकाएं इन योजनाओं का लाभ आसानी से उठा सकें। आशा वर्कर्स और ग्राम चौकीदारों की तर्ज पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के लिए फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) योजना लागू करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। इस प्रस्ताव को उचित स्तर पर विचारार्थ भेजा जाएगा।

सहायिकाओं की पदोन्नति और इसके परिणामस्वरूप खाली होने वाले पदों को भरने के संबंध में मंत्री ने अधिकारियों को इस प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं, सुपरवाइजरों की भर्ती में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को 50 प्रतिशत पदोन्नति कोटा देने की यूनियन की मांग पर भी चर्चा हुई। प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया कि यह मामला फिलहाल मुख्यमंत्री के स्तर पर विचाराधीन है और इस पर उचित कार्रवाई के लिए प्रयास किए जाएंगे।

मानदेय के समय पर भुगतान को लेकर मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का मासिक मानदेय प्रत्येक माह की 7 तारीख से पहले उनके खातों में जमा हो जाना चाहिए। संबंधित अधिकारी भुगतान प्रक्रिया को समय पर पूरा करना सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। मानदेय में वृद्धि की यूनियन की मांग पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में बताया गया कि हरियाणा पहले से ही देश के अन्य राज्यों की तुलना में अपेक्षाकृत अधिक मानदेय प्रदान कर रहा है।

आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन और विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी केंद्र निर्धारित मानकों के अनुसार नियमित रूप से खुले रहें और सुचारू रूप से कार्य करें। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को लाभार्थियों के घर नियमित दौरा करने तथा पोषण ट्रैकर पर निर्धारित गतिविधियों का विवरण समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए गए। टेक होम राशन (टीएचआर) और गर्म पका हुआ भोजन (एचसीएम) सेवाओं की सटीक एवं समयबद्ध रिपोर्टिंग पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में पोषण ट्रैकर पर जिलावार प्रगति की भी समीक्षा की गई।

आंगनवाड़ी केंद्रों पर राशन की उपलब्धता के संबंध में अधिकारियों ने मंत्री को अवगत कराया कि केंद्रों तक राशन की आपूर्ति और डिलीवरी की निगरानी के लिए ओटीपी आधारित पोर्टल विकसित किया गया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य राशन की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करना और जवाबदेही को मजबूत करना है। मंत्री ने निर्देश दिए कि इस पोर्टल का प्रभावी उपयोग किया जाए, ताकि आपूर्ति में होने वाली देरी की पहचान कर समय रहते समाधान किया जा सके और किसी भी लाभार्थी को उसके हक की पोषण सेवाओं से वंचित न रहना पड़े।

श्रीमती श्रुति चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके प्रशासनिक अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी मामलों पर समयबद्ध कार्रवाई और नियमित फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से मानदेय का समय पर भुगतान, रिक्त पदों को भरने, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के क्रियान्वयन तथा आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता पर जोर दिया। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि उच्च स्तर पर स्वीकृति अथवा विचार की आवश्यकता वाले मामलों को बिना किसी अनावश्यक देरी के उचित माध्यम से सक्षम प्राधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किया जाए।

मंत्री ने यूनियन प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के कल्याण एवं सेवा शर्तों से जुड़े उनके जायज मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और विभाग उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहेगा। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं से भी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करते रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल के क्षेत्र में प्रदेश के प्रयासों को सफल बनाने में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव शेखर विद्यार्थी, निदेशक डॉ. प्रियंका सोनी तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

क्रमांक – 2026

 

15 दिसंबर को मुख्यमंत्री तीर्थयात्रियों की ट्रैन को हरी झंडी दिखा कर करेंगे रवाना

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत बुजुर्ग श्रद्धालुओं को निःशुल्क वाराणसी तीर्थ यात्रा करवाएगी हरियाणा सरकार, आवेदन के लिए खुला पोर्टल

चंडीगढ़, 28 नवंबर- हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत प्रदेश के बुजुर्ग श्रद्धालुओं को 15 दिसंबर को 4 दिवसीय निःशुल्क वाराणसी तीर्थ यात्रा करवाएगी। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी इस विशेष ट्रैन को हरीझंडी दिखाकर रवाना करेंगें। यात्रा के लिए पात्र श्रद्धालुओं से आवेदन आमंत्रित करने हेतु पोर्टल खोल दिया गया है ।

इस संबंध में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ आदित्य दहिया ने सभी पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वो यथाशीघ्र अपना रजिस्ट्रेशन करवा लें। रजिस्ट्रेशन सरल पोर्टल पर https://saralharyana.gov.in पर किया जा रहा है।

डॉ आदित्य दहिया ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा आगामी दिनों में विशेष रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को वाराणसी के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन करवाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि रेल यात्रा के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु को पर्यटक किट भी उपलब्ध करवाई जाएगी। इस योजना का लाभ 60 वर्ष या इससे अधिक आयु के बुजुर्ग श्रद्धालु उठा सकेंगे।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत इससे पहले प्रदेश के श्रद्धालुओं को अयोध्या तथा महाराष्ट्र स्थित श्री हजूर साहिब, नांदेड़ की निःशुल्क तीर्थ यात्रा करवाई जा चुकी है। योजना के तहत पात्रता के लिए श्रद्धालु के परिवार की वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इच्छुक पात्र श्रद्धालु पोर्टल पर  ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

क्रमांक – 2026

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments