*बस्सी, सरहिंद, खेड़ी, भामियां, कोटला और गोबिंदगढ़ डिस्ट्रिब्यूटरी माइनरों के पक्का होने से 173 गांवों के किसानों को मिलेगा लाभ*
*नहरी सिंचाई का दायरा 24 हज़ार एकड़ से बढ़कर 37 हज़ार एकड़ से अधिक हुआ*
*पंजाब सरकार ने राज्य के जल संसाधनों की सुरक्षा और नहरी ढांचे को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए हैं: बरिंदर कुमार गोयल*
*चंडीगढ़/फतेहगढ़ साहिब, 28 जुलाई:*
पंजाब के जल संसाधन तथा भूमि एवं जल संरक्षण मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने आज विधानसभा क्षेत्र बस्सी पठानां के गांव खंट मानपुर में लगभग 57.01 करोड़ रूपये की लागत से तैयार सिंचाई परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के 173 गांवों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। इस अवसर पर बस्सी पठानां के विधायक रुपिंदर सिंह हैप्पी भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर आयोजित सादे समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि ये परियोजनाएं किसानों के खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार का मुख्य उद्देश्य नहरी जल के अधिकतम उपयोग को बढ़ावा देना तथा भूजल स्तर में लगातार आ रही गिरावट को रोकना है। उन्होंने बताया कि माइनरों के पक्का होने से पहले लगभग 24 हजार एकड़ भूमि को नहरी पानी उपलब्ध हो रहा था, जबकि अब यह बढ़कर 37 हजार एकड़ से अधिक क्षेत्र तक पहुंच गया है। इससे किसानों के खेतों तक सीधे सिंचाई का पानी उपलब्ध हो रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भूजल संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने की व्यापक योजना तैयार की है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि बस्सी, सरहिंद, खेड़ी, भामियां, कोटला तथा गोबिंदगढ़ डिस्ट्रिब्यूटरी माइनरों के अंतर्गत 82.76 किलोमीटर नहरों को पक्का करने तथा 58.85 किलोमीटर पाइपलाइन एवं खालों का निर्माण कार्य पूरा होने से पानी और बिजली दोनों की बचत होगी। साथ ही किसानों की ट्यूबवेलों पर निर्भरता कम होगी और सिंचाई की लागत में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने जल संसाधनों के मुद्दे पर केवल राजनीति की और पंजाब के हिस्से के पानी की रक्षा करने में विफल रहीं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने राज्य के जल संसाधनों की सुरक्षा के साथ-साथ नहरी ढांचे को मजबूत बनाने के लिए ठोस और दूरदर्शी कदम उठाए हैं, ताकि किसानों को लंबे समय तक भरोसेमंद एवं टिकाऊ सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
इससे पूर्व बस्सी पठाना के विधायक रुपिंदर सिंह हैप्पी ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार किसानों के कल्याण और प्रदेश के समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि नहरी ढांचे के आधुनिकीकरण के माध्यम से प्रत्येक खेत तक नहरी पानी पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने के साथ-साथ कृषि उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
विधायक ने कहा कि बस्सी पठानां क्षेत्र के समग्र विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि क्षेत्र के गांवों को भी शहरों के समान आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें और ग्रामीण विकास को नई गति मिल सके।
—–


