Homepunjabसरकार का संकल्प स्पष्ट है, कोई गरीब पीछे नहीं रहेगा, कोई जरूरतमंद अवसर से...

सरकार का संकल्प स्पष्ट है, कोई गरीब पीछे नहीं रहेगा, कोई जरूरतमंद अवसर से वंचित नहीं रहेगा: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

सरकार का संकल्प स्पष्ट हैकोई गरीब पीछे नहीं रहेगाकोई जरूरतमंद अवसर से वंचित नहीं रहेगा: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

 

बोले: अंत्योदय परिवार उत्थान योजना आशाओंअवसरों और आत्मनिर्भरता का है मेला

 

मुख्यमंत्री ने लाडवा में अंत्योदय मेले का किया उद्घाटन, 19 विभागों की 47 योजनाओं का दिया पात्र लाभार्थियों को लाभ

 

प्रदेश में अब तक 166 जगहों पर अंत्योदय मेलों का हो चुका आयोजन

चंडीगढ़,26 जुलाई।हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत प्रदेशभर में लगने वाले अंत्योदय मेले आशाओं,अवसरों और आत्मनिर्भरताओं के मेले है। अंत्योदय मेलों के माध्यम से सरकार का प्रयास है कि विकास के लाभ उन लोगों तक पहुंचाया जाए,जो दशकों से उपेक्षित रहे है। मेलों में एक मंच पर ही 19 विभागों की 47 योजनाओं का लाभ सीधा पात्र लाभार्थी को दिया जा रहा है। अहम पहलू यह है कि प्रदेश में अब तक 166 जगहों पर अंत्योदय मेलों का आयोजन किया जा चुका है। जिनमें 4 लाख 24 हजार 278 परिवारों को आमंत्रित भी किया गया है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी रविवार को कुरुक्षेत्र के लाडवा के आईजीएन कॉलेज में जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत लगाए गए मेले का उद्घाटन करने के बाद संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मेले में विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं के लाभ देने के लिए लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने गांव गोबिंदपुरा निवासी लाभार्थी ताराचंद को पीएम स्ट्रीट वैंडर योजना के तहत स्वीकृति पत्र प्रदान किया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अंत्योदय मेले के माध्यम से सरकार स्वयं चलकर उन गरीब जरुरतमन्द परिवारों के पास पहुंची है, जो अपने अधिकार और अवसर की प्रतीक्षा कर रहे थे। यह अंत्योदय मेला उस संकल्प का जीवंत स्वरूप है, जिसमें सरकार की प्रत्येक योजना, प्रत्येक संसाधन और प्रत्येक प्रयास अंतिम पंक्ति में खड़े अंतिम व्यक्ति के लिए है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय हमारे लिए केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि हमारी संस्कृति का संस्कार है। यानी सभी सुखी हों, सभी स्वस्थ हों और कोई भी दु:खी न रहे। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने इसी भावना को अंत्योदय का नाम दिया। उनका विचार था कि विकास की सार्थकता तभी है, जब उसका प्रकाश अंतिम घर तक पहुंचे और उसकी गर्माहट अंतिम व्यक्ति अनुभव करे।

उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में डबल इंजन सरकार अंत्योदय के विचार को जमीन पर उतार रही है। सरकार का संकल्प स्पष्ट है, कोई गरीब पीछे नहीं रहेगा, कोई जरूरतमंद अवसर से वंचित नहीं रहेगा और किसी परिवार को केवल इसलिए आगे बढऩे से नहीं रोका जाएगा कि उसके पास साधन, संपर्क या सही जानकारी नहीं है। सरकार के लिए शासन का अर्थ केवल कार्यालयों में फाइलें चलाना नहीं है, बल्कि जनता की कठिनाइयों को समझना, समाधान को सरल बनाना और उस समाधान को जरूरतमंद के द्वार तक पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार की मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि हर जरूरतमंद परिवार को स्थायी आजीविका से जोडऩा है। स्वरोजगार, कौशल विकास, रोजगार, वित्तीय समावेशन और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं को एक मंच पर लाकर पात्र परिवारों को उनकी आवश्यकता और योग्यता के अनुसार अवसर प्रदान करना हैं। यहां परिवार को केवल आवेदन देकर वापस नहीं भेजा जाता। उसकी रुचि, क्षमता, परिस्थिति और आवश्यकता को समझकर उचित मार्गदर्शन देने का प्रयास किया जाता है।

*अब तक 166 स्थानों पर अंत्योदय मेलों का हुआ सफल आयोजन*

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के पहले चरण में उल्लेखनीय यात्रा तय की है। प्रदेश में अब तक 166 स्थानों पर अंत्योदय मेलों का आयोजन किया गया है। इन मेलों के दौरान 4 लाख 24 हजार 272 परिवारों का आमंत्रित किया गया और 1 लाखा 88 हजार 792 परिवार मेलों में पहुंचे। इनमें से 1 लाख 52 हजार 157 परिवारों को विभाग के पास भेजा गया। उन्होंने कहा कि अब तक 55 हजार 422 पात्र लाभार्थियों तक आजीविका के लाभ पहुंचे है।

*ऑटो मोड से 40 लाख परिवारों के बनाए गए बीपीएल कार्ड*

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी सरकारी योजनाओं और सेवाओं को परिवार पहचान-पत्र से जोड़ा गया है। घर बैठे ऑटो मोड में अब तक लगभग 40 लाख परिवारों के बीपीएल कार्ड बनाए गये हैं। इसके अलावा गरीब परिवार को मुफ्त चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के लिए आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना-चिरायु योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज किया जाता है। अब तक लगभग 30 लाख लोगों का 4 हजार 314 करोड़ रुपये की लागत से मुफ्त इलाज करवाया जा चुका है। सरकार ने किडनी के रोग से पीडि़त रोगियों के लिए सभी सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में मुफ्त डायलिसिस की सेवाएं शुरू की है।

*बेटियों को शादी पर दी 1523 करोड रुपए की शगुन राशि*

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री विवाह शगुन योजना के तहत अनुसूचित जाति के गरीब परिवारों की बहन-बेटियों की शादी पर 71 हजार रुपये तक शगुन राशि दी जाती है। अब तक 3 लाख 85 हजार बेटियों की शादी पर 1 हजार 523 करोड़ रुपये शगुन राशि दी गई। गरीब महिलाओं को अपनी रसोई चलाने के लिए हर महीने केवल 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है। यह लाभ प्रदेश के लगभग 14 लाख 43 हजार परिवारों को मिल रहा है।

इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री श्री सुभाष सुधा, उपायुक्त श्री विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक श्री चंद्र मोहन, एडीसी श्री विवेक आर्य, एसडीएम श्री अनुभव मेहता, चेयरमैन श्री सुभाष कलसाना, भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री जयभगवान शर्मा डीडी, चेयरमैन श्री गुरनाम सैनी, चेयरमैन श्री रविंद्र सांगवान, जिलाध्यक्ष श्री रमेश सैनी, चेयरपर्सन साक्षी खुराना, चेयरमैन डा. गणेश दत्त, श्री सतीश मथाना सहित गणमान्य मौजूद थे।

क्रमांक : 2026

युवा स्वस्थअनुशासित व नशा मुक्त होगा तो निश्चित रूप से विकसित भारत का सपना साकार होगा: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

 

मुख्यमंत्री ने यमुनानगर में नशे से जंग-यमुनानगर के संग के अन्तर्गत आयोजित दौड़ को हरी झंडी दिखा किया रवाना

 

दौड़ में प्रथमद्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को किया सम्मानित

चंडीगढ़,26 जुलाई। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी उसके युवा होते हैं। युवा केवल वर्तमान नहीं होते बल्कि भविष्य के निर्माता होते हैं, यदि युवा स्वस्थ, अनुशासित व नशा मुक्त होगा तो निश्चित रूप से विकसित भारत का सपना साकार होगा।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी रविवार को यमुनानगर में नशे से जंग-यमुनानगर के संग के अन्तर्गत आयोजित दौड़ में उपस्थित युवाओं को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इस दौरान हरी झंडी दिखाते हुए दौड़ का आगाज किया। उन्होंने दौड़ में भाग लेने वालों को नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि यमुनानगर का युवा, बच्चे, बेटियां,बुजुर्ग व महिलाएं नशे से जंग यमुनानगर के संग का नारा बुलंद करते हुए उनके साथ खड़े हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन कोई साधारण आयोजन नहीं है, बल्कि यह दौड़ हरियाणा के युवाओं के संकल्प और सरकार व संस्कार का उत्सव है। आज यहां से दो रास्तों के बीच मुकाबला होना है एक रास्ता जो जीवन की ओर जाता है और दूसरा रास्ता बर्बादी की ओर जाता है, एक रास्ता जो खेल की ओर जाता है, दूसरा रास्ता अंधेरे की ओर जाता है। उन्होंने कहा कि एक रास्ता भविष्य बनाता है तो दूसरा भविष्य छिन लेता है। इसलिए उनका विश्वास है कि हरियाणा के युवा, यमुनानगर के युवा सही रास्ता, विकास व स्वास्थ्य का रास्ता चुनेगें।

उन्होंने कहा कि आज यमुनानगर की युवा शक्ति ने यह तय किया है कि हम दौड़ेगे, लेकिन नशे की ओर नहीं बल्कि समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए अपने सपने साकार करने के लिए। यह दौड़ 5 किलोमीटर-10 किलोमीटर की दौड़ नहीं बल्कि उस सामाजिक बुराई नशे के खिलाफ ऐसा जनजागरण अभियान है जिसकी आवाज पूरे हरियाणा में सुनाई देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि योग के महत्व को समझते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने फिट इंडिया कार्यक्रम की शुरुआत की थी। प्रधानमंत्री के प्रयासों से पूरी दुनिया ने योग के महत्व को जाना और परिणामस्वरूप पूरे विश्व में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाने लगा है। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में आज हमारे युवा नशे से जंग-यमुनानगर के संग दौड़ में भाग ले रहे हैं, यह कार्यक्रम हरियाणा उदय के तहत बहुत बड़ा आउटरीच कार्यक्रम भी है। मुख्यमंत्री ने सभी अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वे युवाओं के साथ इस प्रकार की दौड़ में भाग अवश्य लें। भागदौड की जिन्दगी में बच्चों से चर्चा करें, उनसे बातचीत अवश्य करें, क्योंकि अकेलापन ही व्यक्ति को नशे जैसी बुराई की ओर लेकर जाता है। बच्चों को नशे की ओर नहीं, बल्कि विकास, स्वास्थ्य और फिटनेस की ओर आगे बढ़ाना है।

उन्होंने कहा कि आज हमारे देश का युवां देश की रक्षा वीर सैनिक बनकर कर रहा है। हरियाणा के युवा ओलंपिक, पैरालंपिक, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय खेलों में देश में सबसे अधिक पदक जीतकर देश का झंडा ऊंचा करके सबसे आगे चलता है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी नेताओं, प्रशासनिक अधिकारियों, धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं, एनजीओ व युवाओं से अपील करते हुए कहा कि हमें नशे जैसी बुराई से दूर रहकर स्वस्थ जीवन शैली को अपनाना होगा।

*दौड़ विजेताओं को सम्मानित भी किया*

 

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने 10 किलोमीटर की दौड़ में भाग लेने वाले प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया। उन्होंने 10 किलोमीटर दौड़ में पुरुष वर्ग से महेंद्रगढ़ के मोहित को प्रथम पुरस्कार यानि एक लाख रुपये, द्वितीय सत्यम को 75 हजार रुपये व उत्तर प्रदेश के सचिन यादव को 51 हजार रुपये तृतीय पुरस्कार के रूप में प्रदान किया। वहीं, महिला वर्ग में सोनीपत की भारती को एक लाख रुपये प्रथम, भिवानी की सोनिका को 75 हजार रुपये द्वितीय व लखनऊ उत्तर प्रदेश की शशि लता को 51 हजार रुपये तृतीय पुरस्कार के रूप में प्रदान किए गए। इस दौड़ में पानीपत निवासी 73 वर्षीय त्रिलोकी नाथ ने भाग लिया और 10 किलोमीटर की दौड़ पूर्ण करने पर उन्हें विशेष श्रेणी में पुरस्कृत किया गया।

उपायुक्त प्रीति ने बताया कि इस दौड़ के लिए यमुनानगर के साथ साथ हरियाणा के सीमावर्ती राज्यों के लगभग सवा लाख लोगों ने रजिस्ट्रेशन करवाया था। दौड़ में अनुमानित 70 हजार लोगों ने शिरकत की जो कि एक कीर्तिमान है। इस दौरान कृषि मंत्री श्री श्याम सिंह राणा, विधायक श्री घनश्याम दास अरोड़ा, मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष अधिकारी (सामुदायिक पुलिसिंग और आउटरीच) श्री पंकज नैन, पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर,जिला अध्यक्ष श्री राजेश सपरा, उपायुक्त प्रीति, पुलिस अधीक्षक श्री कमलदीप गोयल सहित गणमान्य मौजूद थे।

क्रमांक : 2026

 

मुख्यमंत्री ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत किया पौधारोपण*

 

प्रकृति का संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

 

प्रदेशवासियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का किया आह्वान

 

चंडीगढ़, 26 जुलाई।हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने यमुनानगर में आयोजित नशे से जंग-यमुनानगर के संग कार्यक्रम के बाद पुलिस लाइन में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से चलाए जा रहे एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान प्रदेशवासियों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संदेश दिया। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर  मुख्यमंत्री  ने  पुलिस शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

उन्होंने कहा कि कारगिल के वीरों का सर्वोच्च बलिदान सदैव हमें राष्ट्रसेवा, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता रहेगा।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पौधे केवल पर्यावरण को स्वच्छ रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के लिए सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की अमूल्य धरोहर भी हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा जनभागीदारी से ही हरियाणा को अधिक हरित और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि पुलिस लाइन यमुनानगर परिसर में विशेष पौधारोपण अभियान के तहत लगभग 1500 पौधे लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। डीएवी स्कूल पुलिस लाईन के बच्चों ने इस पौधारोपण अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इस अवसर पर विधायक श्री घनश्याम दास अरोड़ा, पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री कंवरपाल गुर्जर,पूर्व विधायक श्री बलवंत सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री राजेश सपरा, जिला महामंत्री श्री नरेंद्र राणा, उपायुक्त प्रीति, पुलिस अधीक्षक श्री कमलदीप गोयल, अतिरिक्त उपायुक्त श्री नवीन आहूजासहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

क्रमांक : 2026

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments