Homepunjabसिरसा में प्रियदर्शिनी उड़ान योजना के तहत सैनिटरी पैड वितरण

सिरसा में प्रियदर्शिनी उड़ान योजना के तहत सैनिटरी पैड वितरण

सिरसा में प्रियदर्शिनी उड़ान योजना के तहत सैनिटरी पैड वितरण

 

-अंबेडकर जयंती पर कार्यक्रम आयोजित

 

-किसानों को फसल बेचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है

 

सिरसा, 14 अप्रैल।

 

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की प्रियदर्शिनी उड़ान योजना के अंतर्गत मंगलवार को सिरसा में सैनिटरी पैड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बालिकाओं को सैनिटरी पैड वितरित किए गए तथा स्वच्छता, स्वास्थ्य और जागरूकता को लेकर संवाद किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। वे सिरसा के अंबेडकर चौक पर पहुंची और बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करके नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी समाज को समानता, अधिकार और न्याय के मार्ग पर आगे बढऩे की प्रेरणा देते हैं।

 

इस अवसर पर सिरसा की सांसद, कांग्रेस की महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा ने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य, गरिमा और आत्मसम्मान से जुड़े विषयों पर जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आज भी अनेक महिलाएं जागरूकता और संसाधनों के अभाव में बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं, ऐसे में इस प्रकार की पहल उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अपने संबोधन में वर्तमान राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर भी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि संविधान के मूल मूल्यों के साथ छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए तथा समाज में विभाजन की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने महिला आरक्षण को लेकर पारदर्शिता की आवश्यकता बताई और किसानों की समस्याओं का भी जिक्र किया।

 

उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों को फसल बेचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और पोर्टल सिस्टम भी सही तरीके से कार्य नहीं कर रहा है। कार्यक्रम के दौरान सांसद कुमारी सैलजा ने जेजे कॉलोनी के लोगों से मुलाकात की तथा अंबेडकर भवन में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने अंबेडकर भवन में उपस्थित लोगों को संबोधित किया तथा अंबेडकर जयंती की बधाई दी। उन्होंने अंबेडकर भवन में पुस्तकालय के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। उनके अलावा सिरसा के विधायक गोकुल सेतिया व कालांवाली विधायक शीशपाल केहरवाला ने भी पांच-पांच लाख रुपये देने की घोषणा की जबकि कांग्रेस नेता राजकुमार शर्मा ने 51 हजार रुपये देने की घोषणा की। इसके बाद वे सिरसा अनाज मंडी पहुंचीं और किसानों की समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर महिला कांग्रेस अध्यक्ष कृष्णा फौगाट, कलांवाली के विधायक शीशपाल केहरवाला, सिरसा के विधायक गोकुल सेतिया, कांग्रेस नेता वीरभान मेहता, नवीन केडिया, राजकुमार शर्मा, आत्म प्रकाश मेहरा, राजेश चाडीवाल, तेजभान, सतपाल मेहता, संदीप नेहरा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

 

बॉक्स

 

प्रियदर्शिनी उड़ान योजना अखिल भारतीय महिला कांग्रेस द्वारा संचालित प्रियदर्शिनी उड़ान योजना का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है। इस योजना के तहत विशेष रूप से जरूरतमंद वर्ग की महिलाओं तक पहुंच बनाते हुए उन्हें सैनिटरी पैड उपलब्ध कराए जाते हैं, ताकि वे स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बच सकें और आत्मसम्मान के साथ जीवन जी सकें। यह पहल महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास मानी जा रही है, जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ मिल रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments