5 से 17 वर्ष तक के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) होगा मुफ्त, स्कूलों में लगाए जा रहे विशेष कैंप
चंडीगढ़, 21 नवंबर।
बच्चों के आधार कार्ड से जुड़ी एक महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने 5 से 17 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (MBU) की सुविधा 30 सितंबर 2027 तक मुफ्त उपलब्ध करवाने का फैसला किया है। इसके तहत माता-पिता और अभिभावक अपने बच्चों के आधार कार्ड में बायोमेट्रिक जानकारी बिना किसी शुल्क के अपडेट करवा सकते हैं।
UIDAI के अनुसार, जैसे-जैसे बच्चों की उम्र बढ़ती है, उनके बायोमेट्रिक विवरणों में भी बदलाव आता है। इसमें उंगलियों के निशान, आंखों की पुतलियों (आइरिस) के पैटर्न और चेहरे की विशेषताएं शामिल हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण ने बच्चों के लिए 5 वर्ष की आयु में और दोबारा 15 वर्ष की आयु में बायोमेट्रिक अपडेट करवाना अनिवार्य किया है।
UIDAI के प्रवक्ता ने माता-पिता और अभिभावकों से अपील की है कि वे निर्धारित आयु के भीतर बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट जरूर करवाएं। समय पर बायोमेट्रिक जानकारी अपडेट होने से भविष्य में आधार प्रमाणीकरण के दौरान होने वाली संभावित परेशानियों से बचा जा सकता है।
प्रवक्ता ने बताया कि आधार बायोमेट्रिक्स अपडेट रहना बच्चों के लिए कई महत्वपूर्ण सेवाओं का लाभ उठाने में मददगार है। इनमें आधार आधारित सेवाएं, शैक्षणिक प्रक्रियाएं, प्रतियोगी परीक्षाएं, छात्रवृत्तियां और अन्य ऐसी सुविधाएं शामिल हैं, जहां आधार प्रमाणीकरण की आवश्यकता होती है।
इस सुविधा को अधिक सुलभ बनाने के लिए UIDAI की ओर से सभी स्कूलों में नियमित अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट कैंप लगाए जा रहे हैं। इन कैंपों के माध्यम से अभिभावक अपने बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट स्कूल में ही मुफ्त करवा सकते हैं। कैंपों की तारीख और समय की जानकारी के लिए माता-पिता स्कूल के प्रिंसिपल या प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं।
इसके अलावा बच्चे नजदीकी आधार सेवा केंद्र या अधिकृत आधार केंद्र पर जाकर भी अपना बायोमेट्रिक अपडेट करवा सकते हैं। UIDAI के आधार सेवा केंद्र सप्ताह के सातों दिन संचालित होते हैं, हालांकि सेवा का लाभ संबंधित केंद्र के परिचालन समय और उपलब्धता के अनुसार लिया जा सकता है।
UIDAI क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे इस मुफ्त सुविधा का लाभ उठाएं और 30 सितंबर 2027 से पहले अपने बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट सुनिश्चित करें।


