गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार संशोधन एक्ट पर बातचीत के लिए तैयार पंजाब सरकार, अकाल तख्त की माहिर कमेटी बैठक में नहीं पहुंची
अमृतसर: पंजाब में ‘जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी सत्कार (संशोधन) एक्ट, 2026’ को लेकर जारी चर्चा के बीच राज्य सरकार ने इस मामले का आपसी सहमति से स्थायी समाधान निकालने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। पंजाब सरकार की सात सदस्यीय हाईलेवल कोऑर्डिनेशन कमेटी मंगलवार को श्री अमृतसर साहिब पहुंची और श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा गठित माहिर कमेटी के साथ बैठक करने की पहल की। हालांकि, माहिर कमेटी इस बैठक में शामिल नहीं हुई।
18 नवंबर को डिप्टी कमिश्नर कार्यालय में प्रस्तावित इस बैठक के बाद पंजाब सरकार की कोऑर्डिनेशन कमेटी ने माहिर कमेटी से अपनी सुविधा के अनुसार किसी भी तारीख और समय पर बातचीत के लिए आने की अपील की।
बिना किसी पूर्व शर्त के बातचीत को तैयार सरकार
कोऑर्डिनेशन कमेटी ने स्पष्ट किया कि पंजाब सरकार ने बातचीत के लिए कोई पूर्व शर्त नहीं रखी है। सरकार एक्ट के प्रत्येक पहलू, श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा उठाए गए एतराजों, सुझावों और जारी किए गए आदेशों पर विस्तार से चर्चा करने के लिए तैयार है। जरूरत पड़ने पर कानून में संशोधन करने के विकल्प पर भी विचार किया जाएगा।
कमेटी ने कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के सर्वोच्च सम्मान और श्रद्धा से जुड़ा यह मामला बेहद संवेदनशील है। इसका समाधान आपसी बातचीत, सहयोग, विश्वास और आम सहमति से ही निकाला जाना चाहिए। सरकार की प्राथमिकता सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं, परंपराओं और मर्यादा का पूरा सम्मान करना है।
7 सदस्यीय कमेटी में ये सदस्य शामिल
पंजाब सरकार की ओर से गठित सात सदस्यीय हाईलेवल कोऑर्डिनेशन कमेटी में श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह, दमदमी टकसाल के प्रमुख संत ज्ञानी हरनाम सिंह खालसा, संत बाबा सेवा सिंह रामपुर खेड़ा, जस्टिस (रिटायर्ड) जसपाल सिंह, जस्टिस (रिटायर्ड) गुरबीर सिंह, जतिंदर सिंह औलाख (आईपीएस, रिटायर्ड) और लॉ ऑफिसर प्रीत इंदर पाल सिंह शामिल हैं।
आम सहमति से स्थायी समाधान निकालने की अपील
कोऑर्डिनेशन कमेटी ने कहा कि एक्ट के अलग-अलग प्रावधानों, श्री अकाल तख्त साहिब के आदेशों और कानून में जरूरी बदलावों सहित सभी पहलुओं पर खुलकर चर्चा हो सकती है। कमेटी ने माहिर कमेटी को भरोसा दिलाया कि उसकी ओर से सुझाई गई किसी भी तारीख और समय पर दोबारा बैठक आयोजित की जा सकती है।
सरकार ने पूरे सिख समुदाय को भरोसा दिलाया कि इस संवेदनशील मामले का रचनात्मक और स्थायी समाधान निकालने के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे। कमेटी ने दोहराया कि बातचीत के रास्ते हमेशा खुले हैं और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का सर्वोच्च सम्मान एवं श्रद्धा सरकार के लिए सबसे ऊपर है।
news written by Priyanka Thakur


