Wednesday, October 22, 2025
Homeपंजाबधान की सुचारू खरीद सुनिश्चित करेगी पंजाब सरकार: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

धान की सुचारू खरीद सुनिश्चित करेगी पंजाब सरकार: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

चंडीगढ़, 23 सितंबर:
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आश्वासन दिया है कि इस वर्ष भी प्रदेश में धान की निर्बाध और सुचारू खरीद सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों की तरह इस बार भी किसानों को अपनी फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने आज प्रदेश में चल रहे खरीद कार्यों की समीक्षा की और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों की मेहनत की कमाई का दाना-दाना खरीदा जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार न केवल समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से खरीद प्रक्रिया पूरी करेगी, बल्कि किसानों को तुरंत भुगतान भी सुनिश्चित किया जाएगा।

मान ने बताया कि धान की खरीद 15 सितंबर से शुरू हो चुकी है और 175 लाख मीट्रिक टन झोने की खरीद का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सभी जरूरी प्रबंध पहले से ही कर दिए गए हैं। इस सत्र में पंजाब मंडी बोर्ड ने 1822 नियमित खरीद केंद्रों को अधिसूचित किया है, जिन्हें खाद्य, सिविल सप्लाई और उपभोक्ता मामले विभाग को आवंटित किया गया है।

उन्होंने कहा कि मंडियों में किसी किसान को किसी भी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए और यदि ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी तैयारी के साथ खरीदी सत्र को सफल बनाया जाए।

किसानों से अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे अपनी फसल को पूरी तरह सुखाकर ही मंडियों में लाएं ताकि उन्हें बिक्री में किसी देरी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि किसानों की मेहनत से उगाई गई फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि वे व्यक्तिगत रूप से पूरी प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने फसल खरीद को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए कई उदाहरणीय कदम उठाए हैं। हर स्तर पर ठोस प्रबंध किए गए हैं ताकि खरीद में किसी भी तरह की रुकावट न आए।

मान ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मंडियों में तेज़ी से खरीद के साथ-साथ खरीदे गए धान का भुगतान भी तुरंत किसानों के खातों में किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों को बिना परेशानी के फसल बेचने और भुगतान पाने की सुविधा देना है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments