ओम महादेव कांवड़ सेवा दल, चण्डीगढ़ द्वारा शिव महापुराण कथा का आयोजन 7 फ़रवरी से सेक्टर 34 में : एक फ़रवरी को होगा भूमिपूजन
वृंदावन से पूज्य बाबा चित्र-विचित्र जी महाराज होंगे कथा व्यास
15 फरवरी को 11 कन्याओं का सामूहिक विवाह भी विधि-विधान से संपन्न कराया जाएगा
चण्डीगढ़ : ओम महादेव कांवड़ सेवा दल, चण्डीगढ़ के तत्वावधान में शिव महापुराण कथा-6 का भव्य आयोजन सेक्टर 34 स्थित मेला ग्राउंड में किया जा रहा है जिसमें वृंदावन से पूज्य बाबा चित्र-विचित्र जी महाराज कथा व्यास होंगे। इस धार्मिक आयोजन के अंतर्गत 7 फ़रवरी को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो सेक्टर-45 से सेक्टर-34 तक जाएगी। इस कलश यात्रा में देश के विभिन्न अखाड़ों से पधारे अनेक धर्मगुरु, संत-महात्मा एवं साधु-संत अपनी पावन उपस्थिति से आयोजन की शोभा बढ़ाएँगे। साथ ही कथा के अंतिम दिन 15 फरवरी को 11 कन्याओं का सामूहिक विवाह भी विधि-विधान से संपन्न कराया जाएगा।
संस्था के महासचिव गौरव श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस संबंध में आज एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें श्री श्री 1008 सुनाक्षी नंद गिरि जी, बाबा हरजीत सिंह रसूलपुरिया जी तथा सेवा दल के सदस्य नरेश गर्ग, पुनीत गोयल, सोनू गर्ग, हनी गुलाटी, रिंकू जैन, मोनू गर्ग, अशोक आदि सदस्य उपस्थित रहे।
उन्होंने बताया कि एक फ़रवरी, दिन रविवार को कथास्थल पर दोपहर 12 बजे भूमिपूजन समारोह होगा।


