पंजाब यूनिवर्सिटी में पंजाबी कवि सुखपाल के साथ विशेष रू-ब-रू कार्यक्रम आयोजित
चंडीगढ़, 16 नवंबर 2026।
पंजाबी साहित्य और रचनात्मक अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ के पंजाबी अध्ययन स्कूल की ओर से प्रसिद्ध पंजाबी कवि एवं गद्यकार सुखपाल के साथ विशेष रू-ब-रू कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कनाडा में वैज्ञानिक के रूप में सेवाएं दे रहे सुखपाल ने विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों के साथ अपने साहित्यिक सफर, लेखन के अनुभवों और कविता के प्रति अपने दृष्टिकोण को साझा किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पंजाबी अध्ययन स्कूल की विभागाध्यक्ष डॉ. परमजीत कौर सिद्धू द्वारा सुखपाल के स्वागत के साथ हुई। उन्होंने कहा कि किसी साहित्यकार से सीधा संवाद करने का अवसर उसकी रचनाओं के साथ-साथ उसकी रचनात्मक सोच, अनुभवों और संवेदनशीलता को समझने में भी मदद करता है। उन्होंने सुखपाल की साहित्यिक पहचान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनकी कविता में विचारों की गहराई और गद्य में काव्यात्मक संवेदना का अनूठा समन्वय देखने को मिलता है।
इस अवसर पर प्रो. योगराज अंगरिश ने सुखपाल की कविता और साहित्यिक योगदान से विद्यार्थियों को परिचित करवाया। उन्होंने कहा कि सुखपाल की कविता सरलता, सहजता और मानवीय संवेदनाओं से भरपूर है। उनकी रचनाएं समकालीन जीवन की जटिलताओं, मानवीय अनुभवों और वैश्विक चिंताओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती हैं।
कार्यक्रम के दौरान सुखपाल ने अपनी काव्य-साधना और रचना प्रक्रिया से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि कविता ऐसी होनी चाहिए, जो पाठक के समय का उचित मूल्य चुका सके। कविता में विचारधारा के बजाय विचार को अधिक महत्त्व देते हुए उन्होंने कहा कि विचारधारा कई बार मनुष्य की सोच को सीमित दायरों में बांध देती है, जबकि विचार कविता को व्यापक दृष्टिकोण प्रदान करता है।
प्रवासी जीवन और साहित्य पर चर्चा करते हुए सुखपाल ने बताया कि कनाडा में रहने के बावजूद उन्होंने ऐसी कविताएं लिखने से जानबूझकर परहेज किया, जो केवल पुरानी यादों और वतन से दूर होने की पीड़ा तक सीमित हों। उन्होंने कहा कि विदेश जाने का निर्णय उनका अपना था, इसलिए उनकी कविता में प्रवासी होने की भावनात्मक छवि के बजाय जीवन के वास्तविक अनुभवों को अधिक महत्त्व मिला है।
इस दौरान विद्यार्थियों और शोधार्थियों ने साहित्य, कविता की रचना प्रक्रिया और समकालीन सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे। सुखपाल ने सभी सवालों के जवाब देते हुए साहित्य के विभिन्न पहलुओं पर विचार साझा किए।
अंत में विभाग की ओर से सुखपाल का आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे साहित्यिक संवाद विद्यार्थियों की समझ को व्यापक बनाने और उन्हें समकालीन साहित्यकारों के अनुभवों से सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
News written by Priyanka Thakur


