Homeक्राइमगैंगस्टर अफरीदी के नेटवर्क पर पंजाब पुलिस का बड़ा एक्शन, 5 गुर्गे...

गैंगस्टर अफरीदी के नेटवर्क पर पंजाब पुलिस का बड़ा एक्शन, 5 गुर्गे गिरफ्तार; 11 अवैध पिस्तौल और 191 कारतूस बरामद

चंडीगढ़/तरनतारन, 15 नवंबर। पंजाब में संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पंजाब पुलिस ने गैंगस्टर गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी के आपराधिक नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) पंजाब और तरनतारन पुलिस की संयुक्त टीम ने अफरीदी के नेटवर्क से जुड़े पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 11 अवैध पिस्तौल और 191 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने रविवार को इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी रंगदारी के लिए फायरिंग की घटनाओं सहित 15 से अधिक आपराधिक मामलों में कथित रूप से शामिल रहे हैं। इसके अलावा इन पर विदेश में बैठे हैंडलर्स के निर्देश पर सीमा पार से हथियारों की तस्करी में शामिल होने का भी आरोप है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरनतारन के गांव गांडीविंड निवासी अजयपाल सिंह, तलवंडी सोभा सिंह निवासी जसविंदर सिंह उर्फ मुंसी, गांव काले के निवासी करणवीर उर्फ करण, गांव भोजोके निवासी रंजीत राणा और फिरोजपुर के गांव रुकनेवाला निवासी रंजीत सिंह उर्फ राणा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों से बरामद हथियारों में पांच 9 एमएम पिस्तौल, पांच .30 बोर पिस्तौल और एक .32 बोर पिस्तौल शामिल है।

अफरीदी की गिरफ्तारी के बाद खुला नेटवर्क

पुलिस की यह कार्रवाई गैंगस्टर गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी को 8 नवंबर 2026 को इथियोपिया से भारत डिपोर्ट किए जाने के बाद हुई पूछताछ के आधार पर की गई है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि अफरीदी से लगातार पूछताछ के दौरान पंजाब में उसके आपराधिक सिंडिकेट को संचालित करने वाले कई सदस्यों और उनकी भूमिकाओं से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे हुए।

स्पेशल डीजीपी एजीटीएफ प्रमोद बान ने बताया कि अफरीदी को भारत लाने के तुरंत बाद उसके पूरे आपराधिक नेटवर्क को खत्म करने के लिए विशेष जांच शुरू की गई थी। इसके तहत विदेशी हैंडलर्स से संपर्क, हथियारों की सप्लाई और आपराधिक गतिविधियों में शामिल शूटरों की पहचान की गई।

उन्होंने बताया कि खुफिया सूचनाओं के आधार पर एजीटीएफ और तरनतारन पुलिस की टीमों ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। ये आरोपी कथित तौर पर रंगदारी से जुड़ी फायरिंग की घटनाओं को अंजाम देने के लिए शूटर और लॉजिस्टिक सहायता उपलब्ध कराते थे।

डीजीपी ने कहा कि मामले की आगे जांच जारी है। पुलिस आरोपियों के पिछले और आगे के संपर्कों का पता लगाकर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और पूरे आपराधिक सिंडिकेट को ध्वस्त करने में जुटी है।

News written by Priyanka Thakur

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments