धूरी (संगरूर), 15 नवंबर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को धूरी में आयोजित छठ महापर्व समारोह में शिरकत की और श्रद्धालुओं को पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने छठी मैया और सूर्य देव से सभी के सुख, शांति, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने पूरे राज्य में छठ पूजा के आयोजन के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं, ताकि श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ यह पर्व मना सकें।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि छठ पूजा आस्था, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। सूर्य देव को जीवन, ऊर्जा और प्रकाश का स्रोत माना जाता है। यह पर्व हमें प्रकृति के महत्व और उसके प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराता है। उन्होंने कहा कि डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा जीवन के प्रत्येक चरण और हर व्यक्ति के सम्मान का संदेश देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में छठ महापर्व बड़े उत्साह और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। राज्य सरकार ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 104 स्थानों की पहचान कर आवश्यक प्रबंध किए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में विभिन्न धर्मों और समुदायों के त्योहार मिल-जुलकर मनाने की परंपरा रही है, जो राज्य की सांप्रदायिक सद्भावना और भाईचारे को मजबूत करती है।
पंजाब की तरक्की में प्रवासी समुदाय का अहम योगदान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बिहार और पूर्वांचल से आकर पंजाब में बसे लोगों की सराहना करते हुए कहा कि प्रवासी भाई-बहन राज्य की तरक्की और खुशहाली में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। कृषि, उद्योग, व्यापार, निर्माण और अन्य क्षेत्रों में उनकी मेहनत तथा समर्पण का बड़ा योगदान है।
उन्होंने कहा कि पंजाब और प्रवासी समुदाय का रिश्ता केवल रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपसी विश्वास, प्रेम, सांस्कृतिक साझेदारी और भाईचारे पर आधारित है। पंजाब में रहने वाला प्रत्येक व्यक्ति राज्य के बड़े परिवार का हिस्सा है और विकास में योगदान देने वाले हर वर्ग को सम्मान मिलना चाहिए।
बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रवासी परिवारों से अपने बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार अच्छे स्कूल स्थापित कर रही है, ताकि हर वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। बच्चे पढ़-लिखकर अधिकारी बनें और समाज तथा देश के विकास में योगदान दें।
भगवंत मान ने कहा कि पंजाब की असली ताकत एकता, सांप्रदायिक सद्भावना और आपसी भाईचारे में है। सरकार प्रत्येक समुदाय और धर्म की भावनाओं का सम्मान करती है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से छठ महापर्व को प्रेम, उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाने तथा भाईचारे की भावना को मजबूत करने की अपील की।
News written by Priyanka Thakur


