चंडीगढ़, 2 फरवरी: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों पर पंजाब को गैंगस्टर मुक्त राज्य बनाने के लिए शुरू किए गए निर्णायक अभियान ‘गैंग्स्ट्रां ते वार’ को दो सप्ताह पूरे हो चुके हैं। इस दौरान पंजाब पुलिस ने राज्यभर में 14,382 रेड कर 4,233 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें गैंगस्टर और उनसे जुड़े अपराधी शामिल हैं।
पंजाब पुलिस द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, ‘गैंग्स्ट्रां ते वार’ अभियान की शुरुआत 20 जनवरी 2026 को पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने की थी। सभी जिलों की पुलिस टीमें एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) के साथ मिलकर चिन्हित और मैप किए गए ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
अभियान के तहत सोमवार को इंस्पेक्टर और डीएसपी स्तर के अधिकारियों की निगरानी में राज्यभर में सख्त नाकाबंदी की गई और वाहनों व संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की गई।
मोहाली के गोडरेज चौक पर नाके का निरीक्षण करने के बाद मीडिया से बातचीत में स्पेशल डीजीपी लॉ एंड ऑर्डर अर्पित शुक्ला ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से अब तक 116 हथियार, 262 जिंदा कारतूस और 23 मैगजीन बरामद की गई हैं।
इसके अलावा, 2,311 लोगों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की गई, जबकि 4,008 लोगों से पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। बीते 14 दिनों में पुलिस ने 283 भगोड़ों को भी गिरफ्तार किया है।
वहीं, 14वें दिन पुलिस ने 613 रेड कर 172 लोगों को गिरफ्तार किया और नौ घोषित अपराधियों को पकड़ा।
जनता वांछित अपराधियों की जानकारी एंटी गैंगस्टर हेल्पलाइन 93946-93946 पर गुप्त रूप से दे सकती है।
उधर, नशे के खिलाफ चल रहे अभियान ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ के 338वें दिन 81 तस्करों को गिरफ्तार कर 1.3 किलो हेरोइन, 1053 नशीली गोलियां और 1.23 लाख रुपये बरामद किए गए।


