चंडीगढ़/मानसा: पंजाब के मानसा के परविंदर सिंह झोटा के शव का पोस्टमार्टम एक बार फिर अटक गया है। चंडीगढ़ स्थित पीजीआई में शनिवार सुबह करीब 10 बजे डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। पीजीआई से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, शव लंबे समय तक फ्रीजर में रखे जाने के कारण अंदर से काफी सख्त हो गया है, जिसके चलते आंतरिक पोस्टमार्टम करने में परेशानी आ रही है।
सूत्रों के अनुसार, शव के अंदरूनी हिस्सों को पोस्टमार्टम के लिए अनुकूल बनाने के लिए अब उसे हीट देने की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है। इसके बाद ही पोस्टमार्टम संभव होने की उम्मीद है। डॉक्टरों की टीम लगातार प्रयास कर रही है और करीब 12 बजे दोबारा पोस्टमार्टम करने की तैयारी की जा रही है।
पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद परविंदर सिंह झोटा का शव मानसा ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया पर पुलिस प्रशासन की भी नजर बनी हुई है। सूत्रों के मुताबिक, डीएसपी समेत अन्य पुलिस कर्मचारी पीजीआई में मौजूद हैं और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार कर रहे हैं।
झोटा के अंतिम संस्कार को लेकर मानसा के साथ-साथ बठिंडा और फरीदकोट पुलिस के अधिकारी भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की प्राथमिकता पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा करवाना है।
दूसरी तरफ, परविंदर सिंह झोटा को इंसाफ दिलाने के लिए चल रहे इंसाफ मोर्चे को लेकर भी अहम अपडेट सामने आया है। सरकार की ओर से सभी मांगें मान लिए जाने के बाद अब मोर्चे को स्थगित करने की तैयारी है। मोर्चे से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, मांगें पूरी होने के बाद मोर्चा स्थगित करने का आधिकारिक ऐलान किया जाएगा।
हालांकि, मोर्चे को पूरी तरह समाप्त करने का फैसला नहीं लिया गया है। सूत्रों का कहना है कि यदि सरकार भविष्य में किसी मांग को पूरा करने में पीछे हटती है तो दोबारा मोर्चा शुरू किया जा सकता है।
फिलहाल सभी की नजरें पीजीआई में होने वाले पोस्टमार्टम और उसके बाद मानसा में होने वाले अंतिम संस्कार पर टिकी हुई हैं।
News written by Priyanka Thakur


