आम आदमी पार्टी पंजाब के स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर नशे के ठिकानों की जानकारी देना एक सांसद की बेहद गैर-जिम्मेदाराना और निंदनीय हरकत है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार पद पर बैठे व्यक्ति से यह अपेक्षा की जाती है कि वह नशे को रोकने में सहयोग करे, न कि नशा बिकने वाली जगहों का प्रचार करे।
बलतेज पन्नू ने कहा कि अकाली-भाजपा शासन के दस साल हों या उसके बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह और चरणजीत चन्नी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार, इन सभी के कार्यकाल में पंजाब में नशा लगातार फलता-फूलता रहा। इन सरकारों ने कभी भी नशे के खिलाफ ठोस और निर्णायक कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है, जिससे तस्करों में भय का माहौल है। ऐसे समय में चन्नी द्वारा वीडियो जारी कर यह बताना कि नशा कहां उपलब्ध है, सरकार की नशा विरोधी मुहिम को कमजोर करने की सोची-समझी कोशिश है।
पन्नू ने सवाल उठाया कि एक जनप्रतिनिधि का कर्तव्य पुलिस को सूचना देना है, न कि सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर नशे के अड्डों का प्रचार करना। उन्होंने कहा कि क्या चन्नी अब नशा बेचने वालों के ब्रांड एंबेसडर की भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस पार्टी से स्पष्ट रुख अपनाने की मांग करते हुए कहा कि जनता जानना चाहती है कि कांग्रेस नशा विरोधी मुहिम के साथ है या नशा तस्करों के साथ। पन्नू ने स्पष्ट किया कि ऐसी राजनीति से आम आदमी पार्टी सरकार का नशा मुक्त पंजाब का संकल्प कमजोर नहीं होगा।


