पंजाब सरकार ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत बड़ी वित्तीय सहायता जारी करते हुए राज्य के लाखों जरूरतमंद परिवारों को राहत दी है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डा. बलजीत कौर ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान जनवरी 2026 तक ₹5,748 करोड़ से अधिक की राशि सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाई जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि राज्य के 35.70 लाख से अधिक लाभार्थियों को नियमित और निरंतर आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांग व्यक्तियों की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।
मंत्री के अनुसार बुढ़ापा पेंशन योजना के तहत ₹3,806.43 करोड़, विधवा एवं निराश्रित महिलाओं के लिए ₹1,099.97 करोड़, अनाथ और आश्रित बच्चों के लिए ₹385.94 करोड़ तथा दिव्यांग व्यक्तियों के लिए ₹456.03 करोड़ जारी किए गए हैं।
डा. बलजीत कौर ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाएं केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि सम्मानजनक जीवन की उम्मीद हैं। सरकार का प्रयास है कि कोई भी जरूरतमंद खुद को अकेला महसूस न करे और हर परिवार तक सहायता पारदर्शी ढंग से पहुंचे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में राज्य सरकार हाशिये पर रह रहे वर्गों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस उद्देश्य को आगे बढ़ाने के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में ₹6,175 करोड़ का बजट भी निर्धारित किया गया है।


