हरपाल चीमा बोले- 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब पहुंचेगी शोभायात्रा, डॉ. रवजोत सिंह और हरभजन सिंह ईटीओ ने संगत से की बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील
चंडीगढ़/वाराणसी, 29 नवंबर: श्री गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित धार्मिक समागमों की शुरुआत के लिए पंजाब की भगवंत मान सरकार के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा, डॉ. रवजोत सिंह और हरभजन सिंह ईटीओ सहित मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, धार्मिक नेताओं और बड़ी संख्या में संगत वाराणसी पहुंच गई है। इस ऐतिहासिक अवसर पर 30 नवंबर को वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर से लगभग 1,232 किलोमीटर लंबी ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब में संपन्न होगी।
कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार श्री गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मना रही है। इस ऐतिहासिक अवसर पर पंजाब के अलग-अलग दिशाओं से चार प्रमुख शोभायात्राएं निकाली जाएंगी, जो श्री खुरालगढ़ साहिब में संपन्न होंगी। उन्होंने संगत से अपील की कि इस धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करें।
डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व पूरी संगत के लिए सौभाग्य का अवसर है। उन्होंने वाराणसी पहुंचकर गुरु महाराज की पवित्र धरती पर नतमस्तक होने पर प्रसन्नता व्यक्त की और पंजाब सरकार तथा संगत का धन्यवाद किया। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से धार्मिक समागमों में पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ शामिल होने की अपील की।
कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने कहा कि गुरु रविदास जी महाराज का प्रकाश पर्व सभी पंजाबियों के लिए ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व रखता है। उन्होंने प्रत्येक पंजाबी से इस ऐतिहासिक आयोजन में शामिल होने और गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
चार चरणों में तय होगा 1,232 किलोमीटर का सफर
ऐतिहासिक शोभायात्रा चार चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में 30 नवंबर को सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से कानपुर तक लगभग 350 किलोमीटर का सफर तय किया जाएगा। दूसरे चरण में कानपुर से आगरा होते हुए ग्रेटर नोएडा तक लगभग 500 किलोमीटर की यात्रा होगी।
तीसरे चरण में ग्रेटर नोएडा से हरियाणा के सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र और अंबाला होते हुए लगभग 281 किलोमीटर का सफर तय कर शोभायात्रा मोहाली पहुंचेगी। अंतिम चरण में मोहाली से खरड़, रूपनगर, श्री आनंदपुर साहिब और झज्ज चौक होते हुए लगभग 101 किलोमीटर का सफर तय कर 3 दिसंबर को श्री खुरालगढ़ साहिब में शोभायात्रा संपन्न होगी।
यात्रा के दौरान कानपुर, ग्रेटर नोएडा और मोहाली में रात्रि विश्राम होगा। शोभायात्रा के सुचारू संचालन के लिए संबंधित जिला प्रशासन की ओर से यातायात, सुरक्षा, चिकित्सा सहायता और साफ-सफाई के विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।
पंजाब सरकार और धार्मिक नेताओं ने देशभर की संगत से इस ऐतिहासिक शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की है। इस आयोजन का उद्देश्य श्री गुरु रविदास जी महाराज के समानता, मानवता, करुणा, भाईचारे और मानवीय गरिमा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।


