विश्वास फाउंडेशन को रक्तदान के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवा हेतु ‘स्टार कैंप ऑर्गनाइज़र 2025‘
पुरस्कार से किया गया सम्मानित
चंडीगढ़ 23 फरवरी 2026: सामाजिक सेवा और मानवता के क्षेत्र में अग्रणी संस्था विश्वास फाउंडेशन, पंचकूला को गुरुदेव श्री स्वामी विश्वास जी के आशीर्वाद से रोटरी एंड ब्लड बैंक सोसाइटी रिसोर्स सेंटर, चंडीगढ़ द्वारा आयोजित वार्षिक सम्मान समारोह में महात्मा गांधी राज्य लोक प्रशासन संस्थान, सेक्टर 26, चंडीगढ़ में विशेष रूप से सम्मानित किया गया है। संस्था को उनके द्वारा लगातार आयोजित किए जा रहे रक्तदान शिविरों और समाज में रक्त की कमी को दूर करने के प्रयासों के लिए ‘स्टार कैंप ऑर्गनाइज़र 2025’ का खिताब और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
विश्वास फाउंडेशन की अध्यक्ष साध्वी नीलिमा विश्वास ने कहा कि यह प्रतिष्ठित पुरस्कार विश्वास फाउंडेशन की और से वरीन्द्र कुमार गांधी, श्याम सुंदर साहनी व सविता साहनी ने प्राप्त किया। उन्होंने पुन: बताया कि रक्तदान ‘महादान’ है और एक यूनिट रक्त तीन लोगों का जीवन बचा सकता है। उन्होंने इस सम्मान का श्रेय उन सभी निस्वार्थ रक्तदाताओं को दिया जो फाउंडेशन के आह्वान पर नियमित रूप से रक्तदान करते हैं। विश्वास फाउंडेशन न केवल रक्तदान, बल्कि प्राकृतिक आपदाओं के समय सहायता, गरीबों को कंबल वितरण के माध्यम से आध्यात्मिक शांति (ध्यान) के प्रसार में भी सक्रिय है।
इस अवसर पर सम्मान समारोह के मुख्यातिथि चंडीगढ़ के सांसद मनीष तिवारी, रोटरी एंड ब्लड बैंक सोसाइटी रिसोर्स सेंटर के अध्यक्ष आर.के. साबू, निर्देशक डॉक्टर मनीष राय व अन्य कई अतिथि मौजूद रहे।


