पराली जलाने में कमी की पुष्टि, पंजाब के किसानों की बड़ी जीत: गुरमीत सिंह खुड्डियां
By Priyanka Thakur
चंडीगढ़, 17 मार्च:
पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने केंद्र सरकार द्वारा पराली जलाने के मामलों में 90 प्रतिशत से अधिक कमी की पुष्टि को राज्य के किसानों की बड़ी जीत बताया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि किसानों की मेहनत और आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल का परिणाम है।
कृषि मंत्री ने केंद्र सरकार से मांग की कि वह इस सफलता को केवल स्वीकार करने तक सीमित न रहे, बल्कि राज्य के लंबित ग्रामीण विकास फंड (RDF) के 8800 करोड़ रुपये तुरंत जारी करे। उन्होंने कहा कि यह राशि कई वर्षों से रोकी जा रही है, जो राज्य के साथ अन्याय है।
खुड्डियां ने कहा कि केंद्र द्वारा संसद में प्रस्तुत आंकड़ों ने उन आलोचकों को जवाब दे दिया है, जो लगातार पंजाब के किसानों को वायु प्रदूषण के लिए जिम्मेदार ठहराते रहे हैं। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक डेटा ने यह साबित कर दिया है कि किसानों ने पराली जलाने की घटनाओं को नियंत्रित करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
राज्य सरकार के प्रयासों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में कृषि मशीनीकरण के लिए 416 करोड़ रुपये खर्च किए गए। इसके अलावा 2026-27 के लिए 600 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है, जिससे पराली प्रबंधन को और मजबूत किया जा सके।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार किसानों को आधुनिक मशीनरी और संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि पराली जलाने की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके।
कृषि मंत्री ने किसानों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे देश के सच्चे अन्नदाता हैं और सही सहयोग मिलने पर किसी भी चुनौती का सामना कर सकते हैं।


