जालंधर में दर्शकों की भीड़ देख गदगद हुए हॉकी कप्तान हरमनप्रीत सिंह, बोले- अपने मैदान पर देश का प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात
हरमनप्रीत ने प्रशंसकों से परिवार और बच्चों के साथ स्टेडियम पहुंचकर भारतीय टीम का उत्साह बढ़ाने की अपील की
जालंधर, 1 नवंबर। भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में हॉकी प्रेमियों की उमड़ रही भीड़ को अभूतपूर्व बताया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में अपने घर के करीब, परिवार और हजारों दर्शकों के सामने खेलना पूरी टीम के लिए बेहद उत्साहजनक और भावनात्मक अनुभव है। हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबलों के दौरान स्टेडियम में दर्शकों का जोश खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा रहा है।
‘सरपंच’ के नाम से मशहूर हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि पंजाब में पहली बार इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन होना गर्व की बात है। उन्होंने कहा, “दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में लोगों का उत्साह अभूतपूर्व है। मैंने इसी मैदान पर हॉकी खेलना शुरू किया था और आज इसी मैदान पर देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है। खिलाड़ियों के परिवारों की मौजूदगी इस अनुभव को और भी खास बना देती है।”
भारतीय कप्तान ने टीम की तैयारियों और प्रदर्शन पर बात करते हुए कहा कि खिलाड़ी अच्छी तैयारी कर रहे हैं। जापान के खिलाफ मुकाबले का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि टीम ने शुरुआती तीन क्वार्टर में धैर्य और संयम के साथ खेला। इस दौरान टीम ने गोल नहीं किया, लेकिन विपक्षी टीम को भी गोल करने का मौका नहीं दिया। आखिरी क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने खेल की गति बढ़ाई।
हरमनप्रीत ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मुकाबलों के दौरान पूरे 60 मिनट मानसिक रूप से मजबूत और एकाग्र रहना बेहद जरूरी है। ऐसे मैच खिलाड़ियों के धैर्य और रणनीति की परीक्षा लेते हैं।
मलेशिया के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले पर कप्तान ने कहा कि यह मैच पूल में शीर्ष स्थान तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण है, क्योंकि दोनों टीमों ने अपने तीन-तीन मुकाबले जीते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम का ध्यान अपनी रणनीति और प्रदर्शन पर है। विपक्षी टीम के खिलाफ पिछले 10 मुकाबलों से भी खिलाड़ियों ने काफी कुछ सीखा है।
पंजाबियों का हॉकी के प्रति प्यार देखकर खुश हैं कप्तान
हरमनप्रीत ने बताया कि उनके दोस्त उन्हें स्टेडियम के वीडियो भेज रहे हैं, जिनमें दर्शकों की भारी भीड़ दिखाई दे रही है। कई लोग स्टेडियम के बाहर भी इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने इसे पंजाब के लोगों के हॉकी के प्रति प्यार का प्रमाण बताया।
पंजाब पुलिस में डीएसपी के पद पर कार्यरत हरमनप्रीत सिंह ने हॉकी प्रेमियों से अपील की कि वे अपने परिवार और बच्चों के साथ स्टेडियम पहुंचें और भारतीय टीम का उत्साह बढ़ाएं। उन्होंने पंजाबी भाषा में भी लोगों से इस आयोजन में शामिल होने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि जब बच्चे अपने सामने राष्ट्रीय खिलाड़ियों को खेलते हुए देखेंगे तो उन्हें भी खेलों से जुड़ने और भविष्य में देश का प्रतिनिधित्व करने की प्रेरणा मिलेगी। कप्तान ने प्रशंसकों के समर्थन को टीम के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए सभी से भारतीय खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने की अपील की।
News Written by Priyanka Thakur


