Friday, March 20, 2026
Homeपंजाबलुधियाना में टाटा स्टील का बड़ा प्लांट शुरू, हजारों युवाओं को मिलेगा...

लुधियाना में टाटा स्टील का बड़ा प्लांट शुरू, हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार

By Priyanka Thakur

लुधियाना: पंजाब में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देते हुए टाटा स्टील के दूसरे सबसे बड़े प्लांट का उद्घाटन कर दिया गया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इस प्रोजेक्ट को राज्य के आर्थिक इतिहास का अहम मील का पत्थर बताया।

करीब 3200 करोड़ रुपये की लागत से बने इस प्लांट की नींव अक्टूबर 2023 में रखी गई थी। यह देश का पहला ऐसा प्लांट है जो इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस तकनीक के जरिए ग्रीन एनर्जी से स्टील उत्पादन करेगा। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आधुनिक औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रोजेक्ट से 2600 से 2700 युवाओं को सीधे रोजगार मिलेगा, जबकि 8000 से 10 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष तौर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि अब पंजाब के युवाओं को रोजगार के लिए विदेश जाने की जरूरत नहीं है, क्योंकि राज्य में ही बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

भगवंत सिंह मान ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि गलत नीतियों के कारण उद्योग पंजाब से बाहर चले गए थे, लेकिन अब उद्योग-समर्थक माहौल के कारण कंपनियां वापस आ रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण बना रही है।

मुख्यमंत्री ने टाटा समूह की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह का निवेश राज्य के भविष्य पर विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि यह प्लांट 115 एकड़ में फैला है और इसमें 100 प्रतिशत स्टील स्क्रैप का उपयोग किया जाएगा, जिससे यह पर्यावरण के अनुकूल रहेगा।

उन्होंने कहा कि पंजाब को औद्योगिक हब बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। हाल के वर्षों में राज्य में बड़े पैमाने पर निवेश आया है, जिससे लाखों रोजगार के अवसर पैदा हुए हैं।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि जब उद्योग बढ़ते हैं तो राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है और युवाओं को नए अवसर मिलते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह प्रोजेक्ट अन्य कंपनियों को भी पंजाब में निवेश के लिए प्रेरित करेगा।

इस अवसर पर उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments