पंजाब में बुजुर्गों को बड़ी राहत: वृद्धावस्था पेंशन के लिए 352 करोड़ जारी
चंडीगढ़, 16 अप्रैल | प्रियंका ठाकुर
पंजाब सरकार ने बुजुर्गों की आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने जानकारी देते हुए बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत मार्च महीने के लिए वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत 352 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की गई है।
मंत्री ने बताया कि राज्य में हर महीने 23,51,338 से अधिक बुजुर्ग लाभार्थियों को पेंशन प्रदान की जा रही है। इस योजना के लिए सरकार ने 4000 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है, ताकि सभी पात्र व्यक्तियों को समय पर आर्थिक सहायता मिल सके।
उन्होंने कहा कि यह पेंशन कई बुजुर्गों के लिए जीवन का अहम सहारा बन चुकी है। इसके माध्यम से वे अपनी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा कर पा रहे हैं और आत्मनिर्भर जीवन जी रहे हैं। यह योजना सरकार की ओर से बुजुर्गों के सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
डॉ. बलजीत कौर ने पात्रता संबंधी जानकारी देते हुए बताया कि 65 वर्ष या उससे अधिक आयु के पुरुष और 58 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाएं, जिनकी वार्षिक आय 60,000 रुपये से कम है, इस योजना का लाभ उठा सकती हैं। इसके अलावा सीमित भूमि वाले आवेदक भी इस योजना के पात्र हैं।
मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि पेंशन का वितरण समय पर सुनिश्चित किया जाए और सभी लंबित मामलों का जल्द समाधान किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि नियमित निगरानी और फील्ड जांच के जरिए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र बुजुर्ग इस योजना से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार बुजुर्गों को समाज की अनमोल धरोहर मानते हुए उनकी भलाई और सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।


