मोगा में देह व्यापार मामले से सियासत गरम, अकाली नेता की गिरफ्तारी पर AAP का हमला
चंडीगढ़, 16 अप्रैल | प्रियंका ठाकुर
पंजाब के मोगा में देह व्यापार के आरोप में अकाली नेता और नगर परिषद सदस्य जगजीत सिंह जीता की गिरफ्तारी के बाद राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने शिरोमणि अकाली दल पर तीखा हमला बोला है।
आप के स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने कहा कि यह घटना अकाली दल के “असली चेहरे” को उजागर करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली-भाजपा सरकार के कार्यकाल (2007-2017) के दौरान राज्य में कई अवैध गतिविधियां पनपीं, जिनमें केबल, बस और गैंगस्टर माफिया शामिल हैं।
पन्नू ने मोगा मामले का जिक्र करते हुए कहा कि जिस होटल में देह व्यापार का आरोप है, उसका मालिक खुद जगजीत सिंह जीता है। पुलिस की छापेमारी के दौरान वहां से कई लड़कियां बरामद हुईं, जिनमें एक नाबालिग लड़की का मिलना बेहद चिंताजनक है।
उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेताओं और खासकर सुखबीर बादल की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतने गंभीर मामले पर कोई प्रतिक्रिया न देना क्या अपराधियों का समर्थन नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “पंजाब बचाओ यात्रा” निकालने वाले नेता पहले अपने घर को देखें।
पन्नू ने यह भी आरोप लगाया कि पहले भी सामने आए मामलों में कई अकाली नेताओं के नाम जुड़ते रहे हैं, जिससे पार्टी की छवि पर सवाल उठते हैं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के हाथ ऐसे अपराधों से सने हों, उन्हें जनता के सामने नैतिकता की बात नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने पंजाब के लोगों से अपील की कि वे ऐसे नेताओं से सावधान रहें और राज्य के हित में सही निर्णय लें। पन्नू ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में सरकार किसी भी अपराधी को बख्शने वाली नहीं है और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


