Homeचंडीगढ़आध्यात्मिकता से ही मिलती है सच्ची शांति और सुख: डॉ. विजय प्रभा

आध्यात्मिकता से ही मिलती है सच्ची शांति और सुख: डॉ. विजय प्रभा

चंडीगढ़, 27 अप्रैल: सेक्टर-30 स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में आयोजित महिला निरंकारी संत समागम के दौरान आध्यात्मिकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर स्थानीय प्रचारक डॉ. विजय प्रभा ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि आध्यात्मिकता ही शांति और सुख का एकमात्र मार्ग है।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार संसार के नियमों का पालन करने से व्यक्ति दंड से बचता है, उसी प्रकार परमात्मा के बनाए आध्यात्मिक नियमों का पालन करने से जीवन सार्थक बनता है। उन्होंने बताया कि मनुष्य जन्म का मुख्य उद्देश्य परमात्मा की प्राप्ति है और जब यह लक्ष्य प्राप्त हो जाता है, तब जीवन में वास्तविक आनंद और शांति का अनुभव होता है।

डॉ. विजय प्रभा ने कहा कि आज भौतिक सुख-सुविधाओं के बावजूद मनुष्य के जीवन में अशांति और असंतोष है, क्योंकि वह परमात्मा से दूर होता जा रहा है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सच्ची शांति केवल आध्यात्मिकता से ही प्राप्त की जा सकती है।

पारिवारिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि आज बड़े-बड़े घर तो बन गए हैं, लेकिन उनमें अपनापन और प्रेम की कमी देखने को मिल रही है। उन्होंने सभी को प्रेरित किया कि रिश्तों को मजबूत बनाने के लिए क्षमा, सहनशीलता और आपसी सम्मान को अपनाना चाहिए।

उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं को संदेश देते हुए कहा कि वे अपने पारिवारिक और सामाजिक दायित्वों का पालन करते हुए भक्ति मार्ग पर आगे बढ़ें। साथ ही आत्ममंथन करने, दूसरों की कमियों के बजाय स्वयं को सुधारने और बुजुर्गों का सम्मान करने पर जोर दिया।

इस कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग की महिलाओं ने भक्ति गीत, कविताएं और लघु प्रस्तुतियां देकर माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।

कार्यक्रम के अंत में जोनल इंचार्ज ओ.पी. निरंकारी और संयोजक एन.के. गुप्ता ने सभी प्रतिभागियों और उपस्थित संगत का आभार व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments