चंडीगढ़, 26 अप्रैल: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को गुरुग्राम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम मन की बात को सुना। इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी और मदन मोहन मालवीय के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने जन आक्रोश महिला सम्मेलन में भी भाग लिया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री और आम जनता के बीच संवाद स्थापित करना है। इस मंच के माध्यम से हर महीने सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक महत्व के विषयों पर चर्चा की जाती है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम सरकार की नीतियों और योजनाओं को सीधे नागरिकों तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।
उन्होंने आगे कहा कि ‘मन की बात’ देशभर में हो रहे सकारात्मक प्रयासों, सामाजिक नवाचारों और जनभागीदारी की प्रेरणादायक कहानियों को सामने लाता है। इससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों के बीच मेल-जोल की भावना को बढ़ावा मिलता है।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से युवाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम उन्हें नवाचार, आत्मनिर्भरता और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ न केवल विचारों को दिशा देता है, बल्कि नागरिकों को विकास, सेवा और जिम्मेदारी की भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश भी देता है।


