चंडीगढ़, 28 अप्रैल 2026: पंजाब विधानसभा में आयोजित एक गरिमामय समारोह में कुलतार सिंह संधवां ने विभिन्न क्षेत्रों की उत्कृष्ट एवं विशिष्ट हस्तियों को “भारत विभूषण सम्मान 2026” से सम्मानित किया। इस सम्मान का आयोजन इंस्टीट्यूट फॉर सोशल रिफॉर्म्स एंड हायर एजुकेशन चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित स्पीकर संधवां ने सम्मानित हस्तियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह केवल एक पुरस्कार वितरण समारोह नहीं, बल्कि देश की प्रतिभा, सेवा और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को पहचान देना बेहद जरूरी है, जिससे दूसरों को भी प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने “सरबत दा भला” के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारे गुरुओं ने हमें सभी के कल्याण का मार्ग दिखाया है और आज सम्मानित हो रही हस्तियां उसी मार्ग पर चलकर समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।
स्पीकर ने कहा कि शिक्षा, विज्ञान, कला, साहित्य, समाज सेवा और उद्योग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में इन हस्तियों ने अपने समर्पण और मेहनत से समाज, राज्य और देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि इनकी उपलब्धियां यह साबित करती हैं कि सच्ची लगन और प्रतिबद्धता के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
इस अवसर पर ब्रह्म शंकर जिम्पा, इंदरजीत कौर मान, इंदरबीर सिंह निज्जर, कुलवंत सिंह पंडोरी तथा स्वामी ब्रह्म मुनी सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्पीकर संधवां ने स्वामी ब्रह्म मुनी को लोई और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वहीं, आयोजन संस्था द्वारा स्पीकर और पंजाब विधानसभा के सचिव को भी सम्मान स्वरूप स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।
समारोह के अंत में स्पीकर ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि ऐसे आयोजन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगे।


