चंडीगढ़, 28 अप्रैल: पंजाब के लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने राज्य में सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाएं।
मंत्री ने बैठक के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार सड़क नेटवर्क को मजबूत बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 30 जून 2026 तक सभी निर्माण कार्य हर हाल में पूरे किए जाएं।
हरभजन सिंह ईटीओ ने स्पष्ट किया कि बुनियादी ढांचे के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं है और सभी प्रोजेक्ट्स को तय वित्तीय और भौतिक लक्ष्यों के अनुसार तेजी से पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
बैठक में बिटुमिन (लुक) की आपूर्ति को लेकर भी चर्चा की गई। मंत्री ने बताया कि खाड़ी देशों में चल रही परिस्थितियों के कारण इसकी आपूर्ति प्रभावित हुई है, लेकिन विभाग ने इस चुनौती से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर ली है।
उन्होंने जानकारी दी कि बठिंडा रिफाइनरी से आपूर्ति में आई बाधा को दूर करने के लिए अब पानीपत और मथुरा रिफाइनरी सहित अन्य स्रोतों से बिटुमिन उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि सड़क निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की रुकावट न आए।
इस दौरान विभाग के वरिष्ठ अधिकारी जैसे हरगुनजीत कौर, अमरबीर सिद्धू, गगनदीप सिंह और अनिल गुप्ता सहित अन्य इंजीनियर और अधिकारी मौजूद रहे।
सरकार के इस कदम को राज्य में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में एक अहम प्रयास माना जा रहा है।


