चंडीगढ़/अमृतसर, 28 अप्रैल: पंजाब के जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने अमृतसर जिले के बी.ओ.पी. शाहपुर में रावी नदी के धुस्सी बांध पर चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को मानसून से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष आई बाढ़ के कारण इस क्षेत्र में बांध को नुकसान पहुंचा था, जिसे अब मरम्मत कर पत्थरों से मजबूत किया जा रहा है। इस कार्य पर लगभग 4 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
बरिंदर कुमार गोयल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार बाढ़ से बचाव के लिए व्यापक स्तर पर काम कर रही है। उन्होंने जानकारी दी कि राज्य सरकार इस दिशा में करीब 600 करोड़ रुपये खर्च कर रही है।
उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा गठित कमेटियों ने राज्य में 132 संवेदनशील स्थानों की पहचान की है, जहां बाढ़ सुरक्षा के कार्य तेजी से जारी हैं। इनमें से कई कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि शेष कार्यों को 30 जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
मंत्री ने कहा कि रावी नदी के धुस्सी बांध पर पिछले मानसून में 23 स्थानों पर कटाव हुआ था, जिन्हें अब भरकर मजबूत किया जा रहा है। इसके साथ ही डी-सिल्टिंग और सक्की नाला समेत अन्य बरसाती नालों की सफाई का कार्य भी युद्ध स्तर पर जारी है।
उन्होंने आगे बताया कि राज्य सरकार बाढ़ प्रबंधन को और मजबूत करने के लिए फिनलैंड से अत्याधुनिक एम्फीबियस मशीनें खरीदने जा रही है, जो पानी और जमीन दोनों पर काम करने में सक्षम हैं। ये मशीनें गहराई तक सफाई कर सकती हैं और आपातकालीन स्थितियों में बेहद उपयोगी साबित होंगी।
इस मौके पर कुलदीप सिंह धालीवाल सहित विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। विधायक धालीवाल ने सरकार द्वारा समय रहते किए जा रहे बाढ़ सुरक्षा प्रबंधों की सराहना की और कहा कि इससे लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।


