साहिबजादा अजीत सिंह नगर जिले में “सीएम दी योगशाला” पहल से बढ़ रही स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता
साहिबजादा अजीत सिंह नगर, 7 मई:
साहिबजादा अजीत सिंह नगर जिले में मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान की महत्वाकांक्षी एवं जनहितकारी पहल “सीएम दी योगशाला” के अंतर्गत लोगों में स्वास्थ्य, योग एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ रही है। पंजाब सरकार द्वारा शुरू की गई यह विशेष पहल आज हजारों लोगों को योग से जोड़कर स्वस्थ एवं खुशहाल पंजाब के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
जानकारी देते हुए ज़िला योगा कोऑर्डिनेटर प्रतिमा डावर ने बताया कि पंजाब सरकार का उद्देश्य है कि योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचें, ताकि प्रत्येक नागरिक स्वस्थ, तनावमुक्त एवं ऊर्जावान जीवन जी सके। “सीएम दी योगशाला” अभियान के माध्यम से पंजाब सरकार लोगों को निःशुल्क योग प्रशिक्षण उपलब्ध करवा रही है, जिससे “रंगला पंजाब” की परिकल्पना को साकार करने में सहायता मिल रही है।
जिले के विभिन्न गाँवों, वार्डों, पार्कों एवं सामुदायिक स्थलों पर नियमित रूप से योग कक्षाओं का आयोजन किया जा रहा है। वर्तमान समय में जिले में कुल 545 योग कक्षाएँ संचालित की जा रही हैं, जिनमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएँ, युवा, बुजुर्ग एवं विद्यार्थी भाग लेकर योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कर रहे हैं।
प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा लोगों को योग के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली, तनाव प्रबंधन एवं दैनिक स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारियाँ भी दी जा रही हैं। विशेषज्ञों के अनुसार नियमित योगाभ्यास से मानसिक तनाव कम होता है, शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से अधिक स्वस्थ रहता है।
इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त कोमल मित्तल ने कहा कि “मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा शुरू की गई ‘सीएम दी योगशाला’ पहल समाज को स्वस्थ एवं जागरूक बनाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है। जिले में नागरिकों की बढ़ती भागीदारी यह दर्शाती है कि लोग योग के प्रति जागरूक हो रहे हैं। हम सभी नागरिकों से अपील करते हैं कि वे अपने नजदीकी योग केंद्र से जुड़कर नियमित योग करें और स्वस्थ एवं रंगला पंजाब के निर्माण में अपना योगदान दें।”
जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के सहयोग से जिले में “सीएम दी योगशाला” अभियान का सफल संचालन किया जा रहा है तथा आने वाले समय में अधिक से अधिक लोगों को इस पहल से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।


