शिक्षा में नंबर-1 बनने का पंजाब ने मनाया जश्न, 19 हजार सरकारी स्कूलों में हुई मेगा PTM
By Priyanka Thakur
चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में देशभर में नंबर-1 रैंक हासिल करने की खुशी में शनिवार को राज्यभर के 19 हजार से अधिक सरकारी स्कूलों में एक साथ मेगा पैरेंट-टीचर मीटिंग (PTM) आयोजित की। ‘सिखिया दा महा जश्न’ नाम से आयोजित इस कार्यक्रम में 20 लाख से अधिक अभिभावकों ने भाग लिया।
पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि नीति आयोग की स्कूल एजुकेशन क्वालिटी रिपोर्ट 2026 में पंजाब ने केरल को पीछे छोड़ते हुए देश में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पंजाब के शिक्षा क्षेत्र में आई क्रांति का प्रतीक है।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं बोर्ड परीक्षाओं के टॉपर्स, इंग्लिश एज प्रोग्राम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और जेईई क्वालिफायर छात्रों को भी विशेष सम्मान और प्रमाण पत्र दिए गए।
हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि इस सफलता में अभिभावकों की भूमिका भी बेहद अहम रही है। इसी उद्देश्य से मेगा PTM और पेरेंट्स वर्कशॉप का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों की पढ़ाई की निरंतरता, छुट्टियों के होमवर्क और सकारात्मक दिनचर्या पर चर्चा की गई।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी शिक्षकों और स्कूल प्रमुखों को लाइव यूट्यूब सत्र के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया था। स्कूल मैनेजमेंट कमेटियों और प्रशिक्षित टीमों ने अभिभावकों को जोड़ने और कार्यक्रम के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि पंजाब की सरकारी स्कूल व्यवस्था अब लोगों की अंतिम पसंद नहीं बल्कि पहली पसंद बन चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्षों तक लोगों को यह विश्वास दिलाया गया कि सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा संभव नहीं है, लेकिन आज पंजाब ने यह धारणा बदल दी है।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सिर्फ सरकार की नहीं बल्कि हर उस शिक्षक, छात्र और अभिभावक की है जिन्होंने सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर भरोसा किया और उसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।


