हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी को तैयार पंजाब, CM मान ने तैयारियों का लिया जायजा
By Priyanka Thakur
चंडीगढ़: पंजाब इस वर्ष होने वाली प्रतिष्ठित हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयारियों में जुट गया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को उच्च स्तरीय बैठक कर इस बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को सितंबर से पहले सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आयोजन को सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जानी चाहिए। उन्होंने विशेषज्ञों, खिलाड़ियों और अन्य संबंधित पक्षों को शामिल कर एक आयोजन समिति गठित करने के निर्देश दिए ताकि सभी व्यवस्थाएं तय समय में पूरी हो सकें।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने जालंधर और मोहाली में चल रहे कार्यों की नियमित निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की हाई पावर कमेटी बनाने को भी मंजूरी दी। उन्होंने कहा कि स्टेडियमों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब हमेशा से हॉकी की नर्सरी रहा है और इस तरह के अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी से राज्य के युवाओं को खेलों से जुड़ने की नई प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने भारतीय हॉकी महासंघ को पूर्ण सहयोग का भरोसा देते हुए कहा कि पंजाब सरकार आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा, लॉजिस्टिक्स और अन्य सुविधाओं के लिए व्यापक इंतजाम किए जाएंगे ताकि प्रतियोगिता का आयोजन सुचारु रूप से हो सके। इस टूर्नामेंट में एशिया की शीर्ष छह हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी।
मुख्यमंत्री ने इसे पंजाब के लिए ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि पहली बार राज्य को इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी का मौका मिला है। इससे पंजाब में खेल संस्कृति को बड़ा बढ़ावा मिलेगा और हॉकी को नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने कहा कि वर्षों से भारतीय हॉकी में पंजाब के खिलाड़ियों का बड़ा योगदान रहा है, लेकिन अब तक राज्य को किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी का अवसर नहीं मिला था। यह आयोजन पंजाब के लिए एक सपने के सच होने जैसा है।
बैठक में मुख्य सचिव केएपी सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. रवि भगत, पंजाब हॉकी के अध्यक्ष नितिन कोहली समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


