News Written By: Priyanka Thakur
पंजाब में पहली बार गन्ना किसानों के 100% बकाए का भुगतान, 695.36 करोड़ रुपये जारी
चंडीगढ़, 1 जून 2026:
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने कृषि क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए वर्ष 2025-26 के पेराई सीजन के दौरान गन्ना किसानों के 100 प्रतिशत बकाए का भुगतान कर दिया है। राज्यभर की शुगर मिलों ने रिकॉर्ड 167.20 लाख क्विंटल गन्ने की खरीद की और किसानों को कुल 695.36 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।
पंजाब सरकार के इस फैसले से गन्ना किसानों में खुशी की लहर है। किसानों का कहना है कि पहली बार उन्हें समय पर पूरा भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में मिला है, जिससे उनका सरकार पर भरोसा और मजबूत हुआ है। यह कदम किसानों को गेहूं-धान के पारंपरिक चक्र से बाहर निकलकर गन्ने जैसी वैकल्पिक फसलों की ओर बढ़ने के लिए भी प्रेरित कर रहा है।
सरकार ने गन्ना किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए सहकारी शुगर मिलों के माध्यम से कई किसान-हितैषी योजनाएं भी शुरू की हैं। इनमें उन्नत बीज, सब्सिडी वाली कृषि मशीनरी, उर्वरक, कीटनाशक, मिट्टी परीक्षण सुविधाएं और प्रशिक्षण कार्यक्रम शामिल हैं। इन पहलों का उद्देश्य उत्पादन बढ़ाना और किसानों की आय में सुधार करना है।
गांव हुथियां के किसान और सरपंच पाल सिंह ने बताया कि वह पिछले 30 वर्षों से गन्ने की खेती कर रहे हैं और इस बार सरकार द्वारा भुगतान सीधे खातों में आने से किसानों का उत्साह बढ़ा है। उन्होंने कहा कि पहले भुगतान किश्तों में मिलता था, लेकिन अब एकमुश्त राशि मिलने से किसानों को बड़ी राहत मिली है।
वहीं गांव आलोवाल के किसान लखबीर सिंह ने कहा कि भगवंत मान सरकार के समय पर भुगतान के फैसले से किसानों का भरोसा मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि इसी तरह समय पर भुगतान मिलता रहा तो अधिक किसान गन्ने की खेती से जुड़ेंगे।
पंजाब सरकार का यह कदम कृषि क्षेत्र में सुधार और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।


