Homepunjabउपायुक्त एवं संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंजाब ने विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 से...

उपायुक्त एवं संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंजाब ने विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 से पूर्व चल रहे मतदाता प्री-मैपिंग अभियान का लिया जायजा

उपायुक्त एवं संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंजाब ने विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 से पूर्व चल रहे मतदाता प्री-मैपिंग अभियान का लिया जायजा

एस.ए.एस. नगर, 7 जून:

उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारी कोमल मित्तल ने आज बलौंगी, पैरागॉन स्कूल सेक्टर-71 तथा मिलेनियम स्कूल फेज-5, मोहाली स्थित मतदान केंद्रों का दौरा कर 25 जून, 2026 से शुरू होने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण (एस.आई.आर.)-2026 की तैयारियों के तहत चल रहे मतदाता प्री-मैपिंग अभियान का निरीक्षण किया।

दौरे के दौरान उपायुक्त ने बूथ लेवल अधिकारियों (बी.एल.ओ.) तथा उपस्थित मतदाताओं से बातचीत की और अभियान की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पारदर्शी, मतदाता सहभागिता सुनिश्चित करने वाली तथा त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के लिए मतदाताओं का सही और अद्यतन डाटा अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से इस अभियान के दौरान निर्वाचन अमले को पूरा सहयोग देने की अपील की।

इस अवसर पर पंजाब के संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी गुरिंदरजीत सिंह सोढ़ी ने सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार के साथ क्रिश्चियंस पब्लिक स्कूल, खरड़, बलौंगी तथा मिलेनियम स्कूल फेज-5 का दौरा कर चल रहे मतदाता प्री-मैपिंग अभियान की प्रगति का जायजा लिया।

मौके पर जानकारी देते हुए कोमल मित्तल ने बताया कि 25 जून से 24 जुलाई, 2026 तक विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं के विवरण का सत्यापन करेंगे तथा वर्ष 2003 की मतदाता सूची के साथ मिलान करते हुए प्रत्येक मतदाता से गणना प्रपत्र (Enumeration Form) भरवाएंगे।

उन्होंने बताया कि जिला एस.ए.एस. नगर में कुल 838 मतदान केंद्र हैं, जहां 838 बूथ लेवल अधिकारियों को 83 सेक्टर अधिकारियों की निगरानी में तैनात किया गया है। इन अधिकारियों को जिले के 8,54,381 पंजीकृत मतदाताओं के विवरण का मैपिंग कार्य सौंपा गया है।

उपायुक्त ने बताया कि प्री-मैपिंग अभियान के तहत अब तक उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। कुल मतदाताओं में से 5,70,722 मतदाताओं के विवरण का मैपिंग कार्य पूरा किया जा चुका है, जो कुल मतदाताओं का 66.76 प्रतिशत है।

संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी, पंजाब, गुरिंदरजीत सिंह सोढ़ी ने बताया कि प्री-एस.आई.आर. अभियान के अंतर्गत पंजाब भर के 24,453 मतदान केंद्रों पर एक साथ विशेष शिविर आयोजित किए गए हैं, ताकि मतदाता अपने विवरण को वर्ष 2003 की मतदाता सूची के साथ मैप करवा सकें। उन्होंने कहा कि मतदाता वोटर सर्विस पोर्टल voters.eci.gov.in पर जाकर भी वर्ष 2003 की मतदाता सूची में अपना विवरण खोज और सत्यापित कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि इस अभ्यास का उद्देश्य मतदाता सूची की शुद्धता और विश्वसनीयता को और मजबूत बनाना है, ताकि सभी पात्र मतदाताओं को शामिल किया जा सके तथा अपात्र प्रविष्टियों को नियमानुसार हटाया जा सके।

निर्वाचन अधिकारियों ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे निर्वाचन अमले को पूरा सहयोग दें और विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं, ताकि स्वच्छ, अद्यतन और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार की जा सके।

इस अवसर पर नोडल अधिकारी (स्वीप) प्रो. गुरबख्शीश सिंह अंटाल तथा जिला निर्वाचन कार्यालय के कानूनगो सुरिंदर कुमार भी उपस्थित थे।

फोटो कैप्शन :
उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारी कोमल मित्तल रविवार को बलौंगी, पैरागॉन स्कूल तथा मिलेनियम स्कूल, मोहाली में मतदाताओं के विवरण की प्री-मैपिंग के लिए लगाए गए विशेष बूथ स्तरीय शिविरों का निरीक्षण करते हुए।

फोटो कैप्शन :
पंजाब के संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी गुरिंदरजीत सिंह सोढ़ी रविवार को क्रिश्चियंस पब्लिक स्कूल, खरड़, बलौंगी तथा मिलेनियम स्कूल फेज-5, मोहाली में मतदाताओं के विवरण की प्री-मैपिंग के लिए लगाए गए विशेष बूथ स्तरीय शिविरों का निरीक्षण करते हुए।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments