अब सालासर-खाटू श्याम, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन के मुफ्त दर्शन कराएगी पंजाब सरकार: केजरीवाल
नई दिल्ली/पंजाब, 13 जुलाई 2026: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जालंधर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान घोषणा की कि पंजाब सरकार श्रद्धालुओं के लिए तीन नए तीर्थ यात्रा रूट शुरू करने जा रही है। इन रूटों के तहत अब श्रद्धालुओं को सालासर-खाटू श्याम जी, हरिद्वार-ऋषिकेश और मथुरा-वृंदावन के मुफ्त दर्शन कराए जाएंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि वर्तमान में पंजाब सरकार दो तीर्थ यात्रा रूटों पर श्रद्धालुओं को मुफ्त यात्रा की सुविधा दे रही है। पहले रूट पर दरबार साहिब, दुर्ग्याणा मंदिर और वाल्मीकि मंदिर के दर्शन कराए जाते हैं, जबकि दूसरे रूट पर आनंदपुर साहिब और नैना देवी मंदिर की यात्रा करवाई जाती है। श्रद्धालुओं की बढ़ती मांग को देखते हुए अब तीन नए रूट जोड़े गए हैं, जिनका पूरा खर्च पंजाब सरकार वहन करेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार ने तीर्थ यात्राओं के लिए विशेष रूप से वोल्वो बसों की व्यवस्था की है, ताकि यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिल सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि जो भी श्रद्धालु इन यात्राओं में शामिल होना चाहते हैं, वे इस सुविधा का लाभ उठाएं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने बताया कि पटियाला स्थित प्रसिद्ध मां काली मंदिर का 85 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक जीर्णोद्धार और विकास कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सितंबर तक यह परियोजना पूरी हो जाएगी और इसके बाद श्रद्धालुओं को और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने पंजाबवासियों से मंदिर में जाकर मां काली के दर्शन करने की अपील भी की।
उन्होंने यह भी बताया कि पंजाब सरकार गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को श्रद्धा और भव्यता के साथ मना रही है। इससे पहले गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहादत दिवस भी राज्य सरकार द्वारा बड़े स्तर पर आयोजित किया गया था।
केजरीवाल ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि जुलाई के अंत से पूरे पंजाब में प्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा के चर्चित नाटक ‘हे राम!’ का मंचन कराया जाएगा। यह कार्यक्रम पूरी तरह निशुल्क होगा और पंजाब के विभिन्न शहरों में आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह नाटक रामायण के विभिन्न प्रसंगों और राम-रावण संवादों पर आधारित है। दिल्ली में इस नाटक की टिकट हजारों रुपये में उपलब्ध होती थी, लेकिन पंजाब सरकार ने इसे राज्य के लोगों के लिए पूरी तरह मुफ्त करने का निर्णय लिया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि जब यह नाटक उनके शहर में पहुंचे तो वे इसे देखने का अवसर न गंवाएं।
पंजाब सरकार का यह कदम धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक जागरूकता और आध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


